
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलिंडर की डिलीवरी में देरी की शिकायतें (LPG Crisis) तेजी से बढ़ रही हैं। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद सिलिंडर प्राप्त करने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई बार तो सिलेंडर की बुकिंग के बाद OTP का भी इंतजार करना पड़ता है।
इस स्थिति के कारण कई परिवारों के लिए रसोई संभालना एक चुनौती बन गया है। इस समस्या के समाधान के लिए गृहिणियां अब गैस की बचत के लिए स्मार्ट कुकिंग (Smart Cooking Tricks to Save LPG) तकनीकों का सहारा ले रही हैं, ताकि कम गैस में भी रोजमर्रा का खाना तैयार किया जा सके।
विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और सही तकनीक अपनाकर गैस की खपत में 20 से 30 प्रतिशत तक की बचत की जा सकती है। सबसे पहले खाना बनाने से पहले सभी सामग्री तैयार कर लेना चाहिए, ताकि गैस जलने के बाद समय बर्बाद न हो। प्रेशर कुकर का उपयोग गैस बचाने का सबसे प्रभावी तरीका माना जाता है, क्योंकि इसमें कम समय और कम गैस में खाना जल्दी पक जाता है।
कुकिंग एकेडमी की डायरेक्टर आकांक्षा राय का कहना हैं कि 80-90 रुपये में ही फ्लेम स्टैंड किसी भी बर्तन दुकान में मिल जाता है। इसे बर्नर के ऊपर रख कर कुकिंग करे तो कई बार फ्लेम बर्तन के आसपास से बाहर निकलकर वेस्ट होता है। इस स्टैंड के लगा लेने से फ्लेम सीधे तौर पर बर्तन को ही गर्म करेगा।
दूध, चाय, पानी उबालने के लिए इंडक्शन यूज करें। तंदूरी मैथ्ड से कुकिंग करना शुरू करें। इस प्रोसेस में तंदूरी हांडी जो बाजार में 200 रुपये में मिल जाती है, उसमें थोड़ा आयल लगाकर सब्जियों और मसालों को डालकर ढांक दें। ये काफी मोटी तले की बर्तन होती है, जिससे कुकिंग जल्दी हो जाता है और स्वाद तंदूरी सब्जी की तरह देगा।
मॉम्स किचन एंड कैंटीन की ओनर मास्टर शेफ प्रतिभा शर्मा का कहना है कि दाल, चना या राजमा जैसे अनाज को पहले से भिंगोकर रखने से पकाने में कम समय लगता है और गैस की बचत होती है। सब्जियों को छोटे टुकड़ों में काटने से भी वे जल्दी पकती हैं। खाना बनाते समय बर्तन को ढंककर रखने से गर्मी बाहर नहीं निकलती और गैस कम खर्च होती है।
ईंधन की बचत के लिए बार-बार चाय बनाना या कुकिंग करते हुए कढ़ाही चढ़ाकर फिर प्याज, टमाटर काटने जैसी आदत सुधारकर गैस की बचत की जा सकती है। फ्रिज से निकालकर कोई भी चीज तुरंत ना पकाएं। उसे सामान्य तापमान में आने के लिए बाहर 20 मिनट तक रखें। सब्जियों को हल्का उबालकर पकाएं। कुकर का उपयोग करें।