
लाइफस्टाइल डेस्क। आज की Gen Z यानी युवा पीढ़ी को अक्सर लेकर कहा जाता है कि वह मेहनत नहीं करना चाहती, जल्दी सफलता पाना चाहती है और कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के सपने देखती है। लेकिन क्या सच में ऐसा है? दरअसल, आज के कई युवा मेहनत से पीछे नहीं हटते, बल्कि उन्हें इस बात का डर ज्यादा सताता है कि कहीं उनकी मेहनत गलत दिशा में तो नहीं जा रही। वे नौकरी, पढ़ाई या किसी स्किल को सीखने में सालों लगाने से पहले यह समझना चाहते हैं कि क्या इससे उनका भविष्य बेहतर होगा? यही वजह है कि करियर को लेकर युवाओं के बीच एक अलग तरह की बेचैनी देखने को मिल रही है।
पहले के समय में पढ़ाई पूरी करने, नौकरी पाने और धीरे-धीरे करियर में आगे बढ़ने का एक तय रास्ता माना जाता था। लेकिन आज के दौर में विकल्प बहुत ज्यादा हैं। सरकारी नौकरी, प्राइवेट सेक्टर, स्टार्टअप, फ्रीलांसिंग, कंटेंट क्रिएशन और विदेश में पढ़ाई जैसे कई रास्ते युवाओं के सामने हैं।
ऐसे में Gen Z के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि किस दिशा में मेहनत की जाए। उन्हें डर रहता है कि कहीं वे किसी ऐसी डिग्री या नौकरी के पीछे सालों न लगा दें, जिसका भविष्य में कोई खास फायदा न हो।
सोशल मीडिया पर अपनी उम्र के लोगों को कम समय में सफलता हासिल करते देखना भी इस चिंता की एक वजह है। कोई 22 साल की उम्र में बिजनेस शुरू कर रहा है, कोई विदेश में नौकरी कर रहा है तो कोई सोशल मीडिया से अच्छी कमाई कर रहा है।
ऐसी कहानियां देखकर कई युवा अपनी जिंदगी की तुलना दूसरों से करने लगते हैं। उन्हें लगता है कि वे पीछे रह गए हैं। इससे करियर को लेकर जल्दबाजी और सही फैसला न कर पाने का डर बढ़ सकता है।
आज के युवाओं के सामने सिर्फ नौकरी पाने की चुनौती नहीं है, बल्कि नौकरी में टिके रहने और लगातार अपनी स्किल अपडेट करने की भी जरूरत है। टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बदलते जॉब मार्केट के कारण कई क्षेत्रों में काम करने के तरीके बदल रहे हैं।
ऐसे में युवा सोचते हैं कि जिस काम को सीखने में वे आज समय लगा रहे हैं, क्या वह आने वाले पांच साल में भी उपयोगी रहेगा? यही अनिश्चितता उन्हें करियर के फैसले लेने से पहले ज्यादा सोचने पर मजबूर करती है।
जरूरी नहीं कि मेहनत गलत दिशा में जाने का डर नकारात्मक हो। यह युवाओं को अपने फैसलों पर विचार करने और बेहतर विकल्प तलाशने के लिए प्रेरित भी कर सकता है। परेशानी तब होती है जब सही विकल्प चुनने की कोशिश में युवा कोई फैसला ही नहीं ले पाते। वे हर काम शुरू करने से पहले उसके परिणाम की गारंटी चाहते हैं, जबकि करियर में हर कदम का नतीजा पहले से तय नहीं किया जा सकता।
इसलिए जरूरी है कि युवा दूसरों की सफलता से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता और परिस्थितियों को समझें। नई स्किल सीखें, छोटे लक्ष्य बनाएं और जरूरत पड़ने पर अपनी दिशा बदलने से भी न डरें।
यह भी पढ़ें- Mouth Taping: मुंह पर टेप लगाकर सोने का ट्रेंड कितना सुरक्षित? जानिए इसके फायदे और नुकसान