
लाइफस्टाइल डेस्क। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाईदूज का त्योहार कल 11 नवंबर को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में रौनक नजर आने लगी है। सोमवार को बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
खास बात यह रही कि इस बार बहनों के लिए स्पेशल गिफ्ट खरीदने में भाई भी पीछे नहीं रहे। कोई अपनी बहन के लिए उसकी पसंदीदा ड्रेस खरीदता नजर आया तो कोई कास्मेटिक्स, हैंडबैग, ज्वेलरी, घड़ी और चाॅकलेट के आकर्षक पैक तलाशता दिखाई दिया। गिफ्ट शाॅप से लेकर कपड़ों और कास्मेटिक्स की दुकानों तक में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
भाईदूज पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना प्यार जताते हैं। इसी परंपरा को खास बनाने के लिए बाजार में इस बार गिफ्ट की कई नई वैरायटी उपलब्ध हैं।
खासकर युवाओं में अपनी बहनों को कुछ अलग और यादगार देने का उत्साह दिखाई दे रहा है। बाजार में पर्सनलाइज्ड गिफ्ट, फोटो फ्रेम, काॅफी मग, साॅफ्ट टाय, परफ्यूम, स्किन केयर किट और चाॅकलेट हैंपर की मांग बनी हुई है। बाजार में इस बार उपहारों की पैकिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दुकानों पर रंग-बिरंगे गिफ्ट बाॅक्स, रिबन पैकिंग, चॉकलेट बास्केट और आकर्षक हैम्पर सजाकर रखे गए हैं। वहीं कम बजट में भी बहनों के लिए सुंदर उपहार उपलब्ध हैं। युवाओं के बीच फोटो प्रिंटेड मग, कुशन और कस्टमाइज्ड फोटो फ्रेम का क्रेज देखा जा रहा है।
Bhai Dooj Gift Ideas: भाई दूज पर बहन के लिए 5 ऐसे तोहफे जो चॉकलेट, फूल और गहनों से कहीं बढ़कर लगेंगे

बाजार में खरीदारी कर रहे दो भाइयों के बीच भी गिफ्ट को लेकर दिलचस्प बातचीत देखने मिली। शुभम शर्मा ने बताया कि वह अपनी बहन के लिए हैंडबैग और परफ्यूम खरीदने आया है। उसने कहा कि हर साल बहन उसे भाईदूज पर तिलक लगाती है और उसकी पसंद का खाना भी बनाती है। ऐसे में इस बार वह भी अपनी बहन को उसकी पसंद का कुछ खास देना चाहता है।
अनुराग उपाध्याय ने कहा कि गिफ्ट ऐसा होना चाहिए, जिसे देखकर बहन के चेहरे पर मुस्कान आ जाए। बहन को ज्वेलरी और चाकलेट काफी पसंद हैं, इसलिए वह उसके लिए एक सुंदर ज्वेलरी सेट और चाकलेट का काम्बो पैक लेने आया हूं। बहनों के लिए गिफ्ट चुनना आसान नहीं होता, क्योंकि उन्हें उनकी पसंद का पूरा ध्यान रखना पड़ता है।