
लाइफस्टाइल डेस्क। जब भी बीच पर घूमने, पानी में मस्ती करने या बोटिंग का ख्याल आता है, तो ज्यादातर लोगों के मन में गोवा, मुंबई या केरल का नाम आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि मध्य प्रदेश में भी एक ऐसी जगह है, जहां समुद्र जैसा नजारा देखने को मिलता है? यहां दूर तक फैला नीला पानी, ठंडी हवाएं, किनारे पर सुकून के पल और पानी के बीच एडवेंचर का मजा लिया जा सकता है। इस जगह का नाम है हनुवंतिया टापू, जो खंडवा जिले में स्थित है।
इंदिरा सागर बांध के बैकवॉटर के किनारे बसा हनुवंतिया आज मध्य प्रदेश के खास टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स में शामिल हो रहा है। खास बात यह है कि यहां घूमने के लिए समुद्र तक जाने की जरूरत नहीं। पानी के बीच क्रूज की सवारी से लेकर जेट स्की तक, कई ऐसी एक्टिविटी हैं जो इस जगह को वॉटर टूरिज्म के शौकीनों के लिए खास बनाती हैं।
हनुवंतिया की सबसे बड़ी खूबी यहां का खुला और शांत वातावरण है। दूर-दूर तक फैला जलाशय, पानी पर पड़ती सूरज की किरणें और किनारे से आती ठंडी हवा कुछ देर के लिए शहर की भागदौड़ भुला देती है। यहां समुद्र की लहरें तो नहीं हैं, लेकिन पानी का विशाल विस्तार किसी बीच डेस्टिनेशन से कम नहीं लगता।
जो लोग भीड़भाड़ से दूर परिवार या दोस्तों के साथ समय बिताना चाहते हैं, उनके लिए यह अच्छी जगह हो सकती है। यहां पर्यटक पानी के किनारे बैठकर नजारे देख सकते हैं या फिर बोटिंग के जरिए जलाशय की खूबसूरती को करीब से महसूस कर सकते हैं।
हनुवंतिया सिर्फ शांत माहौल के लिए ही नहीं, बल्कि वाटर स्पोर्ट्स के लिए भी जाना जाता है। यहां पर्यटक मोटर बोटिंग, जेट स्की, बनाना राइड और क्रूज राइड जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। पानी के बीच तेज रफ्तार बोट की सवारी एडवेंचर पसंद करने वालों को खूब आकर्षित करती है।
इसके अलावा यहां पैरासेलिंग, हॉट एयर बैलून और दूसरी एडवेंचर एक्टिविटी का विकल्प भी मिलता है। हालांकि, इन गतिविधियों की उपलब्धता मौसम और पर्यटन केंद्र के संचालन पर निर्भर करती है।
हनुवंतिया को पर्यटन के नक्शे पर खास पहचान दिलाने में यहां आयोजित होने वाले जल महोत्सव की बड़ी भूमिका रही है। इस महोत्सव के दौरान टेंट सिटी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर एक्टिविटी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं। सर्दियों में यहां घूमने का अनुभव और भी अच्छा हो सकता है, क्योंकि इस दौरान मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहता है।
हनुवंतिया मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में स्थित है। यहां पहुंचने के लिए खंडवा रेलवे स्टेशन एक नजदीकी विकल्प है। इंदौर से भी सड़क मार्ग के जरिए हनुवंतिया पहुंचा जा सकता है। यहां ठहरने के लिए मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
अगर आप इस बार वीकेंड पर किसी ऐसी जगह जाना चाहते हैं, जहां प्रकृति के साथ थोड़ा एडवेंचर भी मिले, तो हनुवंतिया को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं? MP की इस हिल स्टेशन पर मिलेगा जंगल, झरने और पहाड़ों का खूबसूरत नजारा