_m.webp)
लाइफस्टाइल डेस्क, भोपाल। एक ही तेल को बार बार गरम करना और उसमें खाना बनाना बाहर के फास्ट फूड और बाजार में आम बात है। लेकिन, यह तले भुने खाद्य पदार्थ आपके दिल के सबसे बड़े दुश्मन बन रहे हैं। बार बार गरम होने से तेल में जहरीले तत्व पैदा हो जाते हैं, जो सीधे तौर पर हार्ट से जुड़ी दिक्कतों को न्योता देते हैं।
कई कार्डियोलॉजिस्ट का कहना है कि ऐसे खाने से न सिर्फ आपके दिल की धड़कन तेज होती है, बल्कि कोलेस्ट्रोल लेवल भी काफी बढ़ जाता है। इसकी तुलना में खाने के लिए सीमित मात्रा में शुद्ध देसी घी का उपयोग ज्यादा सुरक्षित है। घी को बार बार गरम करने पर भी वह तेल की तरह जहरीला नहीं होता। हालांकि, इसमें मौजूद फैट के कारण इसका सेवन भी नियंत्रित मात्रा में ही करना चाहिए।
यह जानकारी, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुमित भटनागर ने दी। डॉ. भटनागर ने स्पष्ट किया कि पाम ऑयल सेहत के लिए बेहद हानिकारक है।
स्पेशलिस्ट ने बताया कि आजकल युवाओं और वयस्कों में विटामिन D और B12 की कमी देखने को मिल रही है। विटामिन B12 मुख्य रूप से पशु जन्य उत्पादों (Animal Products) में पाया जाता है। शाकाहारी और वीगन डाइट अपनाने के कारण इसकी कमी बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने सलाह दी कि बिना डॉक्टरी से बात किए विटामिन की गोलियों का अत्यधिक सेवन न करें।
सडन कार्डियक अरेस्ट (Sudden Cardiac Arrest) पर चर्चा करते हुए डॉ. भटनागर ने बताया कि 50 प्रतिशत मामलों में इसका कारण हार्ट अटैक होता है, लेकिन बाकी 50% मामलों में अन्य दिक्कतें जिम्मेदार होती हैं। युवाओं और बच्चों में आने वाले ऐसे मामले अक्सर जन्मजात या छिपी हुई दिल की बीमारियों के कारण होते हैं।
यह सभी बातें डॉक्टर ने नईदुनिया के एक कार्यक्रम के दौरीन कही थी। इस दौरान वहां बैठे कई लोगों के कुछ सवाल भी थी। उनका भी जवाब डॉक्टर ने दिया।
सवाल: हार्ट का ऑपरेशन हुआ था, लेकिन अब फिर से सांस फूलने की समस्या हो रही है?
जवाब: आपकी हार्ट बीट की जांच जरूरी है। तुरंत भोजन में पानी और नमक का सेवन कम कर दें। शरीर से अतिरिक्त पानी बाहर निकालने के लिए पेशाब का सही से आना जरूरी है, इसके लिए आवश्यक दवाएं लें और अपने कार्डियोलॉजिस्ट से तुरंत संपर्क करें।
सवाल: कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ था, जिससे दिल की समस्या होने लगी है?
जवाब: आपको अपना LDL (खराब कोलेस्ट्रॉल) नियंत्रित करना होगा। एचDएल सेहत के लिए अच्छा होता है, जबकि LDL बढ़ने से नसें ब्लॉक होती हैं। नियमित व्यायाम करें और हर छह महीने में लिपिड प्रोफाइल जांच कराएं।
सवाल: पांच महीने पहले धड़कन अचानक तेज हो गई थी, मुझे शुगर भी है? (शशि कपूर, लखनऊ)
जवाब: डायबिटीज के मरीजों में दिल की बीमारी के लक्षण स्पष्ट नहीं दिखते। धड़कन तेज होना अतालता (Arrhythmia) का संकेत हो सकता है। तुरंत अपना ईसीजी (ECG) और इको (ECHO) टेस्ट कराएं और शुगर नियंत्रित रखें।
सवाल: उम्र 24 साल है और थोड़ा चलने पर ही सांस फूलने लगती है? (रीना प्रजापति, जहांगीराबाद)
जवाब: कम उम्र की महिलाओं में हार्ट अटैक का जोखिम कम होता है। सांस फूलना अक्सर हीमोग्लोबिन (खून) की कमी का संकेत होता है। सबसे पहले हीमोग्लोबिन टेस्ट कराएं, सही आने पर डॉक्टर की सलाह से टीएमटी (TMT) टेस्ट कराएं।
सवाल: सीने में अचानक भारीपन और घबराहट होती है, बीपी भी बढ़ जाता है? (उमेश कुमार रावत)
जवाब: सीने में भारीपन और घबराहट सीधे तौर पर हार्ट अटैक के लक्षण हो सकते हैं। इसे नजरअंदाज न करें, तुरंत ECG कराएं और निकटतम कार्डियोलॉजिस्ट से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें- दमा-अस्थमा के मरीज हो जाएं सावधान! नमी और ठंडी हवा बढ़ा सकती है तकलीफ, एक्सपर्ट्स से जानें इसे कंट्रोल करने के उपाय