
लाइफस्टाइल डेस्क। जब भी शरीर में कोई परेशानी शुरू होती है, तो हमारा शरीर अलग-अलग तरीकों से चेतावनी देने लगता है। लेकिन अक्सर लोग इन शुरुआती संकेतों को आम समस्या समझकर अनदेखा कर देते हैं। कई बार इन्हीं संकेतों के पीछे गंभीर बीमारियां छिपी हो सकती हैं।
अगर आपके शरीर में कुछ लक्षण लगातार दिखाई दे रहे हैं, तो यह मान लेना चाहिए कि आपकी सेहत ठीक नहीं है और डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। आइए जानते हैं ऐसे 6 संकेतों के बारे में जो देखने में मामूली लग सकते हैं, लेकिन इन्हें हल्के में नहीं लेना चाहिए।
1. हमेशा थकान महसूस होना
यदि सुबह उठते ही थकावट महसूस हो या पूरे दिन ऊर्जा की कमी बनी रहे, तो यह एक बड़ा संकेत है। लगातार थकान सिर्फ नींद की कमी नहीं बल्कि एनीमिया, थायरॉइड समस्या, विटामिन-डी/बी12 की कमी, डिप्रेशन या क्रॉनिक स्ट्रेस जैसी स्थितियों का परिणाम भी हो सकता है। यह कमजोर इम्यून सिस्टम का संकेत भी माना जाता है।
2. बार-बार सिरदर्द होना
रोजाना सिरदर्द होना सामान्य नहीं है। लगातार सिरदर्द आपकी कार्यक्षमता को कम करता है और कई गंभीर समस्याओं का संकेत देता है। इसके कारण डिहाइड्रेशन, आंखों की समस्या, गर्दन में जकड़न, तनाव या बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर हो सकता है। कई मामलों में यह माइग्रेन का लक्षण भी हो सकता है।
3. नींद पूरी न होना
तनाव, अनियमित दिनचर्या या ज्यादा कैफीन की वजह से नींद खराब हो सकती है। अगर रातभर अच्छी नींद नहीं आती, नींद बार-बार टूटती है या सुबह उठने पर भी ताजगी महसूस नहीं होती, तो यह इनसोम्निया का संकेत है। खराब नींद मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों पर असर डालती है।
4. बिना कोशिश वजन बढ़ना या घट जाना
अगर बिना किसी प्रयास के आपका वजन तेजी से घट रहा है या बढ़ रहा है, तो यह शरीर में किसी गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। अचानक वजन कम होना थायरॉइड, डायबिटीज या पाचन से जुड़ी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। वहीं वजन बढ़ना हार्मोनल असंतुलन, खराब खान-पान या कम एक्टिविटी के कारण हो सकता है।
5. पाचन बार-बार खराब रहना
गैस, एसिडिटी, कब्ज, दस्त या पेट फूलने की समस्या अक्सर परेशान करती है, तो यह बताता है कि पाचन तंत्र ठीक नहीं है। यह खराब डाइट, कम पानी पीने, फाइबर की कमी या फूड इंटॉलरेंस की वजह से हो सकता है। लगातार पाचन समस्या IBS जैसी स्थिति का संकेत भी हो सकती है।
6-रेस्टिंग हार्ट रेट ज्यादा होना
आराम की स्थिति में सामान्य हार्ट रेट 60–100 बीट प्रति मिनट होती है। यदि आपकी रेस्टिंग हार्ट रेट इससे लगातार अधिक रहती है, तो यह कई स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा हो सकता है जैसे तनाव, एंग्जाइटी, डिहाइड्रेशन, थायरॉइड या हृदय संबंधी दिक्कतें।