
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इन दिनों जिस तरह का मौसम है वह खानपान के शौकीनों के लिए भी असमंजस की स्थिति पैदा कर रहा है। खास तौर पर इंदौर का मौसम। यहां जब वर्षा नहीं होती तो दिल कहता है कुछ ठंडा हो जाए और जरा-सी बौछार मौसम में ठंडक घोल देती है और दिल चाहता है कुछ गरमागरम जायका जुबां पर सज जाए। स्वाद के शौकीन जुबां की सुनना चाहते हैं और सेहत के फिक्रमंद हेल्दी डाइट की ओर नजर दौड़ाते हैं।
मन ‘हेवी डाइट’ की ओर भी रुख करता है तो ‘इजी टू डायजेस्ट’ की बात पर भी सहमति दर्ज कराता है। ऐसे में शेफ आखिर करे तो क्या। इसी पहेली का हल इंदौरी शेफ ने दो ऐसे पेय के जरिए इंदौरियों को दिया जो सभी सवालों का सटीक जवाब है। शहर में इन दिनों हॉट मसाला लेमिनेट और हनी आलमेंड ट्रेपे को खूब पसंद किया जा रहा है। इसमें सेहत का खजाना, स्वाद की दौलत और नवाचार का नगीना समाया है।
अच्छी बात यह है कि यह दोनों ही ड्रिंक्स युवाओं को खासे पसंद आ रहे हैं। इन्हें तैयार करने वाले पुष्पेंद्रसिंह सोलंकी बताते-उन्हें हमेशा लगता था कि इंदौरियों को स्वाद के साथ सेहतमंद पेय दिया जाए। इसी बात को ध्यान में रखते हुए द क्रश काफी पर हनी आलमेंड ट्रेपे बनाना शुरू किया है। इसमें बादाम और शहद को दूध में डालकर शेक बनाया जाता है। इस शेक में कॉफी भी मिलाई जाती है।
कॉफी मिलाकर खूब शेक किया जाता है ताकि शहद, बादाम, काफी और दूध सब अच्छे से मिल जाए। इसे ठंडा ही सर्व किया जाता है। यह गर्मी के अनुरूप तो है ही साथ ही प्रोटीन युक्त भी है और शहर के गुण भी इसमें शामिल हैं। जब बात कुछ गरम पेय पीने की हुई तो हमने देखा कि चाय, काफी ही यहां उपलब्ध है। इन्हीं को अलग-अलग ढंग से बनाकर सर्व किया जाता है।
जो लोग चाय और काफी दोनों ही पीना पसंद नहीं करते उनके लिए तो गरम पेय में अक्सर कुछ नजर ही नहीं आता। ऐसे में हॉट मसाला लेमिनेट बनाया। बोलचाल की भाषा में कहा जाए तो यह काढ़ा है पर इसे बनाया इस तरह गया है कि यह स्वादिष्ट लगे।
पानी में काली मिर्च, सौंफ, जीरा पाउडर सहित कुछ अन्य औषधियों को डालकर उबाला जाता है और उसे छानकर परोसा जाता है। जिसे मीठा पसंद है उसके लिए इसमें गुड़ मिलाया जाता है। इसमें नींबू का रस भी शामिल होता है जिससे विटामिन-सी भी मिलता है। दादी-नानी का यह नुस्खा अब लोगों को खासा पसंद आ रहा है।
यह भी पढ़ें : इंदौर से दो घंटे की दूरी पर है दो नदियों का संगम और खूबसूरत पहाड़ भी; मतलब दोगुना आनंद