• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • इंदौर

MP Tourist Place: इंदौर से दो घंटे की दूरी पर है दो नदियों का संगम और खूबसूरत पहाड़ भी; मतलब दोगुना आनंद

इंदौर से महज दो घंटे की दूरी पर स्थित सेमली नर्मदा गांव मानसून की शुरुआत में घूमने की बेहतरीन जगह है। यहां नर्मदा और खड़ी नदी का संगम होता है, साथ ही ...और पढ़ें

By Harshal RathoreEdited By: Prashant Pandey
Publish Date: Sat, 27 Jun 2026 10:28:29 AM (IST)Updated Date: Sat, 27 Jun 2026 10:41:38 AM (IST)
MP Tourist Place: इंदौर से दो घंटे की दूरी पर है दो नदियों का संगम और खूबसूरत पहाड़ भी; मतलब दोगुना आनंद
नर्मदा ओर खड़ी नदी के संगम स्थल का बोटिंग के जरिए भी पर्यटक आनंद लेते हैं।

HighLights

  1. यहां स्नान, बोटिंग, ट्रेकिंग और पिकनिक का दोगुना आनंद लिया जा सकता है
  2. ग्रामीणों द्वारा बोटिंग कराई जाती है और ऑफ रोड राइडिंग का रोमांच भी मिलता है
  3. राइड्स ऑफ राइडर्स के ज्ञानदीप श्रीवास्तव के अनुसार इस समय पानी साफ रहता है

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मानसून ने दस्तक दे दी है और बूंदों ने भी सरगम छेड़ दिए हैं, ऐसे में दिल, दिमाग और कदम तीनों ही सैर-सपाटे के लिए मचल उठते हैं। पर्वतों से बात करते बादल, हवा में घुली नरमी और धूप व बदरा की नोकझोंक इस सैर के आनंद को और भी बढ़ा देती है। यूं तो यह मौसम झरनों का आनंद लेने, नदियों के सौंदर्य को निहारने और खूबसूरत वादियों में पिकनिक मनाने का है लेकिन कुछ स्थान ऐसे भी हैं जहां जाने का सबसे माकूल मौसम है मानसून के शुरुआती दौर का।

मतलब वह दौर जब थोड़ी बहुत वर्षा हो चुकी हो, मौसम में हल्की ठंडक आ गई लेकिन नदियों में बहाव नहीं बढ़ा हो। ऐसा एक स्थान है सेमली नर्मदा गांव जहां आप अगर अभी कुछ दिनों पहले होकर आ गए तो बेहतर होगा नहीं तो साल भर इंतजार करना होगा।


naidunia_image

सेमली नर्मदा गांव एक ऐसा स्थान है जो दो नदियों के संगम का साक्षी भी है। इस गांव के समीप पर्वत है और उसकी तलहटी में नर्मदा व खड़ी नदी का संगम होता है। यह स्थान प्राकृतिक सौंदर्य को लिए तो है ही साथ ही मानवीय प्रयासों, कृषि की महत्ता और ग्रामीण जनजीवन की झलक भी दिखाता है। इंदौर से यहां की दूरी न तो बहुत ज्यादा है और न ही शहर के यह बहुत करीब। इसलिए यह भी पर्यटनप्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र होकर भी शांत और शोर-शराबे से दूर है।

naidunia_image

बोटिंग का ले सकते हैं आनंद

यह स्थान केवल इसलिए ही खास नहीं क्योंकि यहां दो नदियों का संगम है, बल्कि इसकी खूबी यह भी है कि यहां स्नान का भी लाभ ले सकते हैं, बोटिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं, ट्रेकिंग के रोमांच का भी अनुभव कर सकते हैं और परिवार व दोस्तों के साथ पिकनिक भी बना सकते हैं।

बारिश के शुरुआती दौर में जब हल्की-फुल्की बारिश हो रही हो, नदियों का जलस्तर नहीं बढ़ा हो तब यहां आप स्नान और बोटिंग दोनों का ही मजा ले सकते हैं। ग्रामीणों द्वारा यहां बोटिंग कराई जाती है।

naidunia_image

ऑफ रोड राइडिंग का भी रोमांच

राइड्स ऑफ राइडर्स के ज्ञानदीप श्रीवास्तव के अनुसार बारिश से पहले ही यहां जाना सबसे अच्छा है क्योंकि नर्मदा का जल स्तर बाकी समय की अपेक्षा कम और पानी एकदम साफ रहता है। इस स्थल तक जाने का रास्ता पक्का है, अगर आप पहाड़, खेत-खलिहान और कच्चे रास्तों का भी आनंद लेना चाहते हैं तो वह शौक भी यहां पूरा कर सकते हैं। ऑफ रोड राइडिंग के शौकीनों के लिए भी यह स्थान उचित है।

पहाड़ पर जाने के लिए ऑफ रोड राइडिंग की जा सकती है। यह करीब 400 मीटर की ही है लेकिन आनंद भरपूर आता है। वैसे यहां गर्मी में भी पानी रहता है और इसकी वजह है नर्मदा नदी का यहां होना, लेकिन इस मौसम में गर्मी कम सताती है और हवा में घुली नरमी व ठंडक सुकून देती है।

naidunia_image

खानपान की भी है सुविधा

खानपान के शौकीन इंदौरी जब भी कहीं जाते हैं तो इस बात की चिंता और पूछपरख सबसे पहले होती है कि अमुक स्थल पर रेस्टोरेंट, कैफे आदि है या नहीं। वहां के भोजन की विशेषता क्या है आदि। यही सवाल यहां जाने वालों के मन में भी आता है। इसका उत्तर है कि यहां खानपान की माकूल व्यवस्था है। गांव में खानपान की दुकानें बनी हुई हैं। अपना भोजन खुद भी बना सकते हैं।

इस तरह पहुंच सकते हैं यहां

अगर आप इंदौर से सेमली नर्मदा गांव जा रहे हैं तो इसका सबसे सहज और बेहतर रास्ता देवगुराड़िया होते हुए जाता है। इंदौर बायपास से देवगुराड़िया होते हुए पेडमी पहुंचे। पेडमी से उदयनगर होते हुए पीपरी गांव और वहां से सेमली नर्मदा गांव जा सकते हैं।

देवगुराड़िया से इस स्थान की दूरी 80 किमी है। इंदौर से गांव को जोड़ने वाला मार्ग पक्का है इसलिए किसी भी वाहन से जाया जा सकता है। महज डेढ़ से दो घंटे में यहां पहुंचा जा सकता है। मार्ग में आप देवगुराड़िया सहित अन्य स्थानों के दर्शन भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें : Indore Food: हॉट मसाला लेमिनेट और हनी आलमेंड ट्रेपे में मिलता है दादी और नानी के नुस्खे से आधुनिक जायके तक का सफर