
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन किसी भी व्यक्ति की तकदीर बदल सकते हैं। पनागर विकासखंड के युवा उद्यमी सक्षम जैन इसकी जीवंत मिसाल हैं। कभी पिता की किराना दुकान में हाथ बंटाने वाले सक्षम ने वर्ष 2016 में एक साहसिक निर्णय लिया और हथकरघा उद्योग की राह चुनी।
महज एक हथकरघा मशीन से शुरू हुआ उनका यह सफर आज एक सफल उद्योग का रूप ले चुका है, जो न केवल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है बल्कि कई परिवारों की रोजी-रोटी का भी सहारा बन गया है। सक्षम जैन बताते हैं कि उन्हें इस क्षेत्र में आने की प्रेरणा आचार्य विद्यासागर महाराज से मिली।
आज खजांची हथकरघा में साड़ी, सूट, शर्टिंग, टॉवेल और चादर जैसे कई हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार किए जाते हैं। यहां जैक्वार्ड, बूटी और महेश्वरी शैली की साड़ियां विशेष रूप से बनाई जाती हैं।
इनके निर्माण में किसी भी प्रकार के रासायनिक रंग या बिजली संचालित उत्पादन प्रक्रिया का उपयोग नहीं किया जाता। प्राकृतिक कॉटन धागों और पारंपरिक तकनीकों से तैयार वस्त्र अपनी गुणवत्ता और आकर्षक डिजाइनों के कारण ग्राहकों की पहली पसंद बन रहे हैं।
हथकरघा विभाग ने भी इस पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग द्वारा लगभग 24-24 हजार रुपये मूल्य की दो मशीनें उपलब्ध कराई गईं, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ी। वहीं कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित महिलाओं को रोजगार देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिला।
सक्षम बताते हैं कि एक विशेष डिजाइन वाली साड़ी तैयार करने में चार से आठ दिन तक का समय लग जाता है। हाथों से बुनी गई इन साड़ियों की कीमत 1,200 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक होती है। उनके उत्पादों की मांग अब जबलपुर और सागर तक सीमित नहीं है, बल्कि बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली और इंदौर जैसे बड़े शहरों तक पहुंच चुकी है।
आर्थिक दृष्टि से भी यह बदलाव उल्लेखनीय रहा है। पहले जहां किराना व्यवसाय से सीमित आय होती थी, वहीं आज सक्षम जैन प्रतिमाह 50 हजार से एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं और उनका मासिक कारोबार 5 से 7 लाख रुपये तक पहुंच चुका है।
कार्यरत कारीगर और कर्मचारी भी 18 से 25 हजार रुपये प्रतिमाह कमा रहे हैं। सक्षम जैन की कहानी यह साबित करती है कि यदि संकल्प मजबूत हो तो एक छोटी शुरुआत भी बड़ी सफलता की मिसाल बन सकती है।