
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अब भगवान शिव के भक्त और पर्यटन के शौकीनों को अपने स्वाद से समझौता नहीं करना होगा, बल्कि इन्हें अब तो और भी लजीज व्यंजन का तोहफा मिलने जा रहा है। श्रावण मास में व्रत करने वाले भोले के भक्त कम नहीं है लेकिन इनकी मुश्किल तब बढ़ जाती है जब यात्रा के दौरान उचित फलाहार नहीं मिलता। इसी परेशानी का समाधान अब फलाहारी थाली के रूप में सामने आया है।
उज्जैन, महेश्वर और ओंकारेश्वर जाने वाले पर्यटकों को अब सुबह और रात दोनों ही वक्त के भोजन में फलाहारी थाली मिलेगी। जिसमें अलग-अलग तरह के करीब 20 व्यंजन शामिल होंगे। भक्तों को यह सुविधा मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा दी जा रही है।
यह पहला अवसर है जब पर्यटकों को यह फलाहारी थाली की सुविधा दी जा रही है। इंदौर रीजन के तहत आने वाले इन तीनों स्थानों उज्जैन, ओमकारेश्वर और महेश्वर के पांच होटल में यह थाली विशेष तौर पर तैयार की गई है। अच्छी बात यह है कि फलाहार केवल सुबह और रात के भोजन में ही शामिल नहीं बल्कि सुबह के नाश्ते में भी रखा गया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक एचएस दंडोतिया के अनुसार यह पहल केवल इसलिए ही की गई है ताकि व्रत करने वाले पर्यटनप्रेमियों को किसी तरह की असुविधा न हो। बीते कुछ वर्षों में इन तीनों ही स्थानों पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
चूंकि तीनों ही स्थान भगवान शिव को समर्पित हैं ऐसे में श्रावण मास में यहां और भी अधिक पर्यटक आते हैं। ऐसे में उन्हें व्रत का भोजन गुणवत्तायुक्त, स्वादिष्ट और सेहतमंद प्राप्त हो इसलिए ही यह पहल की गई है।
तीनों स्थानों की थाली का हरेक दिन का मैन्यू विशेष रूप से बनाया गया है। इसमें आलू की सूखी और ग्रेवी वाली सब्जी, कुट्टू की पूड़ी, सिंघाड़े की पूड़ी, साबुदाना खिचड़ी, साबुदाना वड़ा, फ्राइड पीनट, चिप्स, समा की खीर, फलाहारी उपमा, लौकी का हलवा शामिल किया गया है। दोनों ही समय के भोजन में दो-दो तरह के फल भी रखे गए हैं। चूंकि यह स्थान चटपटे स्वाद के लिए प्रसिद्ध है अत: फलाहारी नमकीन के साथ तरह-तरह की चटनी भी रखी गई हैं।
यह भी पढ़ें- Taste Of Indore: व्रत को भी लज्जतदार बना देती है 'इंदौरी साबूदाना खिचड़ी'