
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दियों में जैसे-जैसे हवा की गुणवत्ता खराब होती है, वैसे-वैसे लोग प्रदूषण से बचने के तरीके तलाशने लगते हैं। कोई घर से बाहर निकलते समय मुंह पर कपड़ा बांध लेता है, तो कोई बाजार से N95 मास्क खरीदकर इस्तेमाल करने लगता है। लेकिन क्या दोनों मास्क प्रदूषण से बराबर सुरक्षा देते हैं? क्या कपड़े का मास्क भी हवा में मौजूद बारीक कणों को रोक सकता है? अगर आप भी इन सवालों को लेकर उलझन में हैं, तो दोनों के बीच का अंतर समझना जरूरी है।
हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे बारीक कण सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं। इनमें PM2.5 कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। ऐसे कणों से बचाव के लिए N95 मास्क बेहतर विकल्प माना जाता है।
N95 एक खास तरह का रेस्पिरेटर है, जिसे हवा में मौजूद कम से कम 95 प्रतिशत कणों को फिल्टर करने के मानक पर तैयार किया जाता है। यह नाक और मुंह को ढकने के साथ चेहरे पर अच्छी तरह फिट भी होना चाहिए, ताकि किनारों से प्रदूषित हवा अंदर न जा सके।
हालांकि, सिर्फ N95 लिखा होना ही उसकी गुणवत्ता की गारंटी नहीं है। मास्क खरीदते समय प्रमाणित उत्पाद चुनना और उसकी पैकेजिंग पर दिए गए मानकों की जांच करना जरूरी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी मास्क की प्रमाणिकता और सही फिटिंग पर ध्यान देने की सलाह देता है।
कपड़े का मास्क धूल के कुछ बड़े कणों को रोकने में मदद कर सकता है, लेकिन हवा में मौजूद बेहद छोटे प्रदूषण कणों से सुरक्षा देने में यह N95 जितना प्रभावी नहीं होता। इसकी फिल्टर करने की क्षमता कपड़े की मोटाई, परतों और सिलाई पर निर्भर करती है। इसके अलावा, चेहरे पर ढीला फिट होने के कारण किनारों से हवा अंदर जा सकती है।
कपड़े का मास्क रोज धोकर दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन खराब वायु गुणवत्ता के दौरान इसे प्रदूषण से बचाव का भरोसेमंद विकल्प नहीं मानना चाहिए। भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र की सलाह में भी खराब से गंभीर प्रदूषण के दौरान कपड़े, रूमाल और स्कार्फ के बजाय N95 या N99 मास्क इस्तेमाल करने की बात कही गई है।
एक बात और समझना जरूरी है कि N95 मास्क हवा में मौजूद बारीक कणों को फिल्टर करता है, लेकिन प्रदूषण में मौजूद सभी हानिकारक गैसों से सुरक्षा नहीं देता। अस्थमा या दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारी वाले लोगों को इसे इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
प्रदूषण से बचने के लिए मास्क के साथ-साथ बाहर निकलने का समय सीमित करना, खराब AQI में भारी एक्सरसाइज से बचना और घर के अंदर की हवा को साफ रखना भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें- 13 नवंबर को खत्म हो जाएगी दुनिया? 66 साल पुरानी भविष्यवाणी ने फिर बढ़ाई चर्चा, जानिए क्या है पूरा सच