
पूजा गीते, इंदौर। शादी में अब सिर्फ दूल्हा-दुल्हन ही नहीं, मेहमान भी अपनी तस्वीरों को यादगार बनाने के लिए नए प्रयोग कर रहे हैं। कोई अपनी तस्वीर शादी की खास हेडलाइन वाले अखबार के पहले पन्ने पर छपवा रहा है तो किसी की सामान्य तस्वीर को एआई की मदद से गहनों से सजे लुक में बदला जा रहा है।
शादी, सगाई और बर्थडे जैसे आयोजनों में फोटो बूथ इसी तरह नया आकर्षण बनते जा रहे हैं। यहां मेहमानों को सिर्फ फोटो खिंचवाने का मौका नहीं मिलता, बल्कि वे अपनी तस्वीर को अलग-अलग अंदाज में तैयार करवाकर उसकी हार्ड कापी भी तुरंत अपने साथ ले जा सकते हैं।
पारंपरिक फोटोग्राफी के साथ अब आयोजक मेहमानों के लिए ऐसे अनुभव तैयार कर रहे हैं, जिनमें मनोरंजन के साथ यादों को सहेजने का मौका भी मिलता है। सोशल मीडिया पर फोटो और रील साझा करने के बढ़ते चलन ने इस ट्रेंड को और लोकप्रिय बनाया है।
फोटो बूथ संचालकों के अनुसार, न्यूजपेपर फोटो बूथ ऐसा ही एक अनोखा प्रयोग है। इसमें मेहमानों की तस्वीर शादी की खास हेडलाइन के साथ अखबार के फ्रंट पेज की तरह तैयार करके तुरंत प्रिंट की जाती है। इसके अलावा इसी बूथ से कस्टमाइज्ड फ्रिज मैग्नेट और एक्रिलिक कीचेन भी बनाए जाते हैं। इस तरह मेहमान अपनी तस्वीर को सामान्य प्रिंट के बजाय यादगार उपहार के रूप में भी अपने साथ ले जा सकते हैं।
एआई ने फोटो बूथ के अनुभव को और रोचक बना दिया है। इसके जरिए सामान्य तस्वीर को अलग-अलग थीम और लुक में बदला जा सकता है। एक ज्वेलरी शोरूम के आयोजन में ग्राहक की मांग पर एआई की मदद से मेहमानों की सामान्य तस्वीरों को ज्वेलरी थीम में बदल दिया गया। तस्वीरों में ऐसा आभास हो रहा था, जैसे मेहमानों ने वास्तव में गहने पहन रखे हों। इससे मेहमानों को नया अनुभव मिला और शोरूम को भी अपने उत्पादों के प्रचार का अलग माध्यम मिला।
फोटो बूथ संचालक बताते हैं कि विदेशों में लोकप्रिय फोटो बूथ के नए प्रयोगों को भी इंदौर में लाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए नई तकनीक पर काम किया जा रहा है। साथ ही विदेशी ट्रेंड के अलावा अपनी ओर से भी नए प्रयोग किए जा रहे हैं। शादी और कार्पोरेट आयोजनों में फोटो बूथ पर लगातार भीड़ रहती है। कई बार मेहमानों को तस्वीर खिंचवाने के लिए 15 से 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है। खासकर जब आयोजन का माहौल बन जाता है, तब लोग समूह में तस्वीरें खिंचवाने और तुरंत प्रिंट लेने के लिए पहुंचते हैं।
शाही ठाठ के साथ वेडिंग लुक में लौटे राजसी दूल्हे, कंठे से सिरपेच तक हैवी ज्वेलरी का क्रेज
फोटो बूथ का आकर्षण अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं है। शादी में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और परिवार के सदस्य सभी इसमें उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं। आयोजनों में हर उम्र के लोग अपनी तस्वीरों को नए अंदाज में सहेजने में रुचि दिखा रहे हैं।
प्रतीक वर्मा, फोटो बूथ संचालक।
फोटो बूथ अब केवल शादियों तक सीमित नहीं रह गया है। बर्थडे, सगाई, कार्पोरेट पार्टी और अन्य निजी आयोजनों में भी इसकी मांग बढ़ रही है। हर आयोजन के हिसाब से इसके स्वरूप और थीम में बदलाव किया जाता है। जिस तरह का इवेंट होता है उसी तरह का फोटो बूथ लगाया जाता है।
प्रतीक यादव, फोटो बूथ आयोजक।