
लाइफस्टाइल डेस्क। ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स पर सेल, सोशल मीडिया पर नए फैशन ट्रेंड और इन्फ्लुएंसर्स के प्रोडक्ट रिव्यू के बीच लोग अक्सर ऐसी चीजें भी खरीद लेते हैं, जिनकी उन्हें वास्तव में जरूरत नहीं होती। कभी नया कपड़ा, कभी कॉस्मेटिक्स तो कभी कोई गैजेट। कई बार खरीदारी सिर्फ इसलिए होती है क्योंकि कोई चीज डिस्काउंट पर मिल रही है। इसी आदत को बदलने के लिए सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘No Buy Challenge’ चर्चा में है।
इस चैलेंज में लोग एक तय समय तक गैर-जरूरी चीजें खरीदने से बचने का संकल्प लेते हैं। कुछ लोग एक महीने तक नए कपड़े नहीं खरीदते, तो कुछ मेकअप, जूते, गैजेट्स और ऑनलाइन शॉपिंग से दूरी बनाते हैं। इसका उद्देश्य सिर्फ पैसे बचाना नहीं, बल्कि अपनी खरीदारी की आदतों को समझना और जरूरत व इच्छा के बीच अंतर करना भी है।
No Buy Challenge में लोग एक निश्चित समय के लिए गैर-जरूरी चीजें खरीदना बंद कर देते हैं। इसकी अवधि एक महीने, तीन महीने या पूरे साल की भी हो सकती है। इसमें व्यक्ति पहले तय करता है कि वह किन चीजों पर खर्च नहीं करेगा। उदाहरण के लिए, नए कपड़े, जूते, मेकअप, महंगे गैजेट्स, घर की सजावट का सामान या ऑनलाइन सेल में होने वाली खरीदारी।
हालांकि, इस चैलेंज में रोजमर्रा की जरूरतों जैसे राशन, दवाइयां, किराया और जरूरी खर्चों पर रोक नहीं लगाई जाती। इसका मकसद जरूरतों को पूरा करते हुए फिजूलखर्ची कम करना है। सोशल मीडिया पर लोग अपनी खरीदारी की लिस्ट, बचत और चैलेंज के अनुभव साझा कर रहे हैं।
आज ऑनलाइन शॉपिंग करना बेहद आसान हो गया है। मोबाइल पर एक क्लिक से सामान घर पहुंच जाता है। सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर्स के प्रोडक्ट रिव्यू, नए फैशन ट्रेंड और डिस्काउंट ऑफर लोगों को खरीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। कई बार लोग किसी चीज को देखकर तुरंत खरीद लेते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद उन्हें एहसास होता है कि उस सामान की जरूरत नहीं थी।
No Buy Challenge इसी आदत पर लगाम लगाने का प्रयास है। इसमें लोग खरीदारी करने से पहले खुद से सवाल करते हैं कि क्या उन्हें वास्तव में उस चीज की जरूरत है या वे केवल ट्रेंड देखकर उसे खरीदना चाहते हैं। कुछ लोग ऑनलाइन शॉपिंग ऐप्स के नोटिफिकेशन बंद कर देते हैं, तो कुछ सामान को कार्ट में डालने के बाद 24 घंटे इंतजार करते हैं।
इस चैलेंज को अपनाने वाले लोगों का उद्देश्य सिर्फ पैसे बचाना नहीं है। वे अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों का इस्तेमाल करना, पुराने सामान को दोबारा काम में लेना और खरीदारी के बजाय दूसरे शौक पर समय बिताना भी सीखते हैं। इससे लोगों को यह समझने का मौका मिलता है कि उनकी खरीदारी की आदत जरूरत से ज्यादा तो नहीं बढ़ गई है।
हालांकि, No Buy Challenge को बहुत कठोर नियमों के साथ अपनाना जरूरी नहीं है। शुरुआत एक सप्ताह या महीने से की जा सकती है। अपनी जरूरतों और बजट के हिसाब से नियम तय करना ज्यादा व्यावहारिक है। अगर बीच में कोई जरूरी चीज खरीदनी पड़ जाए, तो इसे असफलता मानने के बजाय अपनी आदतों को समझने का अवसर माना जा सकता है।
इस तरह सोशल मीडिया का यह ट्रेंड लोगों को खर्च करने से पूरी तरह रोकने के बजाय सोच-समझकर खरीदारी करने और अपनी आर्थिक प्राथमिकताओं को तय करने की सीख दे रहा है।
यह भी पढ़ें- शरीर में विटामिन D की कमी के 5 संकेत, लगातार थकान से लेकर हड्डियों में दर्द तक; कब कराएं टेस्ट?