
लाइफस्टाइल डेस्क। ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा न सिर्फ अपनी दमदार एक्टिंग बल्कि बेदाग और ग्लोइंग स्किन के लिए भी दुनियाभर में मशहूर हैं। 40 की उम्र पार करने के बाद भी उनके चेहरे की चमक लोगों को हैरान कर देती है।
हाल ही में प्रियंका ने अपनी स्किन के निखार का एक राज सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो इन दिनों सेलेब्स के बीच तेजी से ट्रेंड कर रहा है - आइस फेस डंक रूटीन।
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह बर्फ से भरे पानी के कटोरे में अपना चेहरा डुबोती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने सांस लेने के लिए एक खास डिवाइस का इस्तेमाल किया, जिससे वह कुछ सेकंड तक आराम से पानी के अंदर रह सकें। इस तकनीक को फेशियल कोल्ड प्लंज भी कहा जाता है।
यह ट्रेंड अब सिर्फ प्रियंका तक सीमित नहीं है, बल्कि कई हॉलीवुड और बॉलीवुड सेलेब्स इसे अपनी स्किनकेयर रूटीन का हिस्सा बना चुके हैं।
ठंडा पानी ब्लड वेसल्स को सिकोड़ता है, जिससे चेहरे की सूजन और आंखों के नीचे की पफीनेस कम दिखाई देती है। सुबह के समय यह तरीका चेहरे को फ्रेश लुक देने में मदद करता है।
आइस वॉटर स्किन को टोन करता है, जिससे ढीली त्वचा में कसाव आता है। इससे चेहरा ज्यादा टाइट, फ्रेश और ग्लोइंग नजर आता है।
बर्फीले पानी की ठंडक से स्किन के खुले पोर्स सिकुड़ जाते हैं, जिससे त्वचा स्मूद और सॉफ्ट दिखती है।
कई मेकअप आर्टिस्ट मेकअप से पहले आइस फेशियल लेने की सलाह देते हैं। इससे मेकअप का बेस अच्छे से सेट होता है और वह लंबे समय तक टिका रहता है।
जहां इसके फायदे हैं, वहीं सर्दियों में यह तरीका हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं होता।
ठंड के मौसम में स्किन पहले से ही ड्राई रहती है। ऐसे में बहुत ठंडा पानी चेहरे पर लगाने से रूखापन, जलन और रैशेज की समस्या बढ़ सकती है।
जिन लोगों को साइनस, जुकाम या सिरदर्द की समस्या रहती है, उनके लिए बर्फीले पानी में चेहरा डुबाना नुकसानदायक हो सकता है। इससे ये दिक्कतें और बढ़ सकती हैं।
सेंसिटिव स्किन पर आइस फेशियल करने से रेडनेस, जलन या एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है। ऐसे लोगों को यह ट्रेंड फॉलो करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
अगर आपकी स्किन ऑयली या नॉर्मल है, तो कभी-कभार आइस फेस डंक किया जा सकता है। लेकिन अगर आपकी स्किन ड्राई या सेंसिटिव है, तो बेहतर होगा कि आप गुनगुने पानी से चेहरा धोएं और अच्छे मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें।
प्रियंका चोपड़ा का आइस फेस डंक रूटीन स्किन को इंस्टेंट फ्रेशनेस और ग्लो देने में मदद कर सकता है, लेकिन सर्दियों में इसे अपनाने से पहले अपनी स्किन टाइप और हेल्थ कंडीशन को जरूर ध्यान में रखें। हर ट्रेंड हर किसी के लिए फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं।