
लाइफस्टाइल डेस्क। बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी फिटनेस, एनर्जी और स्क्रीन पर दिखने वाला अंदाज लोगों को हैरान करता है। फिल्म ‘पठान’ और ‘जवान’ में उनका मस्कुलर लुक हो या एक्शन सीक्वेंस करने का स्टाइल, शाहरुख ने साबित किया है कि उम्र बढ़ने के साथ फिटनेस को बरकरार रखा जा सकता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर शाहरुख खान अपनी फिटनेस को बनाए रखने के लिए क्या खाते हैं? उनका वर्कआउट रूटीन कैसा है और क्या आम लोग भी उनकी तरह डाइट फॉलो कर सकते हैं?
दरअसल, शाहरुख खान ने अलग-अलग इंटरव्यू में अपनी डाइट और फिटनेस से जुड़े कई राज साझा किए हैं। उनके पर्सनल ट्रेनर प्रशांत सावंत ने भी उनके वर्कआउट और खानपान के बारे में जानकारी दी है। आइए जानते हैं शाहरुख खान की फिटनेस का राज क्या है और सेलिब्रिटी डाइट को अपनाने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
शाहरुख खान ने आरजे देवांगना के साथ एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें बहुत ज्यादा तामझाम वाला खाना पसंद नहीं है। वह सामान्य और हल्का खाना पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, उनके खाने में स्प्राउट्स, ग्रिल्ड चिकन, ब्रोकली और थोड़ी दाल शामिल होती है। उन्होंने बताया था कि वह लंबे समय से इसी तरह का खाना खाते आ रहे हैं।
एक अन्य इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वह दिन में दो बार खाना खाते हैं। वहीं, 2024 में द गार्जियन को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दिन में एक बार खाना खाने की बात कही थी। यानी अलग-अलग समय पर उनके खानपान का रूटीन अलग रहा है। इसलिए इसे उनका कोई स्थायी डाइट प्लान नहीं माना जाना चाहिए।
उनके ट्रेनर प्रशांत सावंत के मुताबिक, शाहरुख खान की डाइट में प्रोटीन का खास ध्यान रखा जाता है। फिल्म ‘पठान’ के लिए बॉडी बनाने के दौरान उनकी डाइट में कार्बोहाइड्रेट, फैट और प्रोटीन की मात्रा को जरूरत के हिसाब से तय किया गया था। इसके अलावा तंदूरी चिकन भी उनका पसंदीदा खाना है।
शाहरुख खान की फिटनेस के पीछे नियमित एक्सरसाइज और अनुशासन की बड़ी भूमिका है। उनके ट्रेनर प्रशांत सावंत के अनुसार, वह सप्ताह में चार से पांच दिन वर्कआउट करते हैं। उनके वर्कआउट में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो, सर्किट ट्रेनिंग और शरीर के अलग-अलग हिस्सों की एक्सरसाइज शामिल रहती है।
फिल्म ‘पठान’ के लिए उनकी बॉडी तैयार करने में काफी समय लगा था। इस दौरान वेट ट्रेनिंग, डेडलिफ्ट, स्क्वैट्स और कोर एक्सरसाइज पर विशेष ध्यान दिया गया। हालांकि, उनकी ट्रेनिंग को फिल्मों में निभाए जाने वाले किरदारों और शारीरिक जरूरतों के अनुसार बदला जाता है।
सेलिब्रिटी डाइट का मतलब सिर्फ कम खाना या वजन घटाना नहीं है। यह किसी व्यक्ति की उम्र, वजन, शरीर की बनावट, काम, शारीरिक गतिविधि और फिटनेस लक्ष्य के हिसाब से तैयार किया गया डाइट प्लान होता है।
फिल्मों में किसी किरदार के लिए बॉडी बनाने, वजन घटाने या मसल्स बढ़ाने के लिए कलाकारों को कई बार खास डाइट फॉलो करनी पड़ती है। इसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, फैट और कैलोरी की मात्रा को नियंत्रित किया जाता है। कई बार इसके साथ ट्रेनर, न्यूट्रिशनिस्ट और डॉक्टर की टीम भी काम करती है।
यही वजह है कि किसी सेलिब्रिटी का डाइट प्लान हर व्यक्ति के लिए सही हो, यह जरूरी नहीं है।
1. खानपान में अनुशासन- एक तय डाइट प्लान अपनाने से खाने की आदतें बेहतर होती हैं। इससे अनावश्यक कैलोरी और जंक फूड का सेवन कम करने में मदद मिल सकती है।
2. फिटनेस टारगेट हासिल करने में मदद- सही मात्रा में प्रोटीन और दूसरे पोषक तत्व लेने से मांसपेशियों को मजबूत बनाने और शरीर की रिकवरी में मदद मिलती है।
3. पोषण पर ध्यान- न्यूट्रिशनिस्ट की देखरेख में बनाई गई डाइट शरीर की जरूरत के मुताबिक पोषण उपलब्ध कराने में मदद कर सकती है।
1. पोषण की कमी- किसी सेलिब्रिटी की तरह दिन में सिर्फ एक बार खाना शुरू करने से शरीर को पर्याप्त कैलोरी, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स नहीं मिल सकते।
2. कमजोरी और थकान- अचानक खाना कम करने या कार्बोहाइड्रेट पूरी तरह बंद करने से कमजोरी, चक्कर और ऊर्जा की कमी महसूस हो सकती है।
3. हार्मोन और मेटाबॉलिज्म पर असर- लंबे समय तक जरूरत से कम खाना शरीर के सामान्य कामकाज को प्रभावित कर सकता है। महिलाओं में अनियमित पीरियड्स जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
4. हर शरीर की जरूरत अलग- किसी खिलाड़ी, अभिनेता और ऑफिस में काम करने वाले व्यक्ति की शारीरिक जरूरतें एक जैसी नहीं होतीं। इसलिए एक ही डाइट सभी के लिए प्रभावी नहीं हो सकती।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद यानी ICMR और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन की 2024 की गाइडलाइन के मुताबिक, स्वस्थ रहने के लिए खाने में विविधता और संतुलन जरूरी है।
ICMR के मुताबिक, शरीर की जरूरत उम्र, लिंग, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य की स्थिति के अनुसार बदलती है। इसलिए डाइट में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर या रजिस्टर्ड न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें- Mouth Taping: मुंह पर टेप लगाकर सोने का ट्रेंड कितना सुरक्षित? जानिए इसके फायदे और नुकसान