
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हरितालिका तीज को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पर्व नजदीक आते ही महिलाएं तीज की तैयारियों में जुट गई हैं।
बाजारों में सोलह-श्रृंगार के सामान से लेकर साड़ियों, चूड़ियों, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य श्रृंगार सामग्री की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ नजर आ रही है। खासतौर पर इस बार हल्की और आकर्षक शिफॉन साड़ियों की मांग बढ़ी है।
महिलाएं तीज के दिन पारंपरिक लुक के साथ स्टाइलिश अंदाज को भी पसंद कर रही हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में दोपहर से लेकर शाम तक महिलाओं की चहल-पहल दिखाई दे रही है।
दुकानों पर रंग-बिरंगी साड़ियों के साथ मैचिंग चूड़ियां, ज्वेलरी और अन्य श्रृंगार सामग्री सजाई गई हैं। कई महिलाएं साड़ी खरीदने के साथ ही उसके अनुरूप ज्वेलरी, चूड़ियां और बिंदी भी पसंद कर रही हैं। दुकानदारों के अनुसार तीज के कारण पिछले कुछ दिनों में श्रृंगार सामग्री की बिक्री में तेजी आई है।
यह भी पढ़ें: हरितालिका तीज के संग होगा गणेशोत्सव का शुभारंभ, नोट कर लें शुभ लग्न, चौघड़िया, राहुकाल
इस बार तीज के लिए शिफॉन साड़ी महिलाओं की पसंद में सबसे आगे नजर आ रही है। हल्के फैब्रिक और आकर्षक प्रिंट के कारण शिफॉन साड़ी को महिलाएं तीज के साथ-साथ अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए भी पसंद कर रही हैं। इसके अलावा बनारसी, सिल्क, जॉर्जेट और डिजाइनर साड़ियों की भी मांग है।
लाल, हरे, गुलाबी, पीले और मैरून रंग की साड़ियों को विशेष पसंद किया जा रहा है। महिलाएं साड़ी के साथ पारंपरिक ज्वेलरी और चूड़ियों की मैचिंग भी कर रही हैं। कुछ दुकानों पर तैयार मैचिंग सेट उपलब्ध हैं, जिनमें चूड़ियां, बिंदी, झुमके और नेकलेस शामिल हैं।
इससे खरीदारी करने वाली महिलाओं को एक ही जगह पर पूरा तीज लुक तैयार करने का विकल्प मिल रहा है। तीज के मौके पर सोलह-श्रृंगार की सामग्री की मांग भी बढ़ गई है। महिलाएं बिंदी, सिंदूर, चूड़ियां, कंगन, पायल, बिछिया, मेहंदी, काजल और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में कई तरह की डिजाइनर बिंदी और चूड़ियों के सेट उपलब्ध हैं।
वहीं, नवविवाहित महिलाओं में तीज को लेकर खास उत्साह नजर आ रहा है। वे अपने पहले या शुरुआती तीज पर्व को विशेष बनाने के लिए साड़ी से लेकर ज्वेलरी और मेहंदी तक की तैयारी पहले से कर रही हैं। कुछ महिलाएं तीज के दिन पहनने के लिए पारंपरिक आभूषणों के साथ आधुनिक डिजाइन की ज्वेलरी भी पसंद कर रही हैं।
मैचिंग चूड़ियां व ज्वेलरी आ रही पसंद
तीज पर तैयार होने का अलग ही उत्साह रहता है। इस बार उन्होंने हल्की शिफान साड़ी पसंद की है। इसके साथ मैचिंग चूड़ियां और ज्वेलरी भी खरीदी है। मेहंदी और पार्लर की बुकिंग भी पहले से करा ली है, ताकि त्योहार के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।
रश्मि तिवारी, गृहिणी
पारंपरिक डिजाइन वाली साड़ियां पसंद
तीज के लिए इस बार बाजार में साड़ियों और श्रृंगार के काफी अच्छे विकल्प हैं। उन्हें हल्के रंग और पारंपरिक डिजाइन वाली साड़ियां पसंद हैं। तीज के दिन हाथों में मेहंदी और सोलह-श्रृंगार के साथ तैयार होने की तैयारी है। बाजार में भीड़ देखकर लगता है कि महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है।
नेहा अग्रवाल, गृहिणी