
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। लोग खुद को शाकाहारी बताकर खानपान को सेहतमंद मान लेते हैं, लेकिन बाहर मिलने वाला समोसा-कचौड़ी भी सेहत के लिए उतना ही नुकसानदायक हो सकता है, जितना मांसाहार। केवल शाकाहारी होना स्वस्थ होने की गारंटी नहीं है। खानपान में तली-भुनी और अधिक कैलोरी वाली चीजों से मोटापा बढ़ता है, जो आगे चलकर मधुमेह, हाई बीपी और हृदय रोगों का कारण बन सकता है।
यह बात अमेरिका के प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ प्रकाश डीडवानिया ने कही। वे कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मधुमेह और हृदय रोग पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मधुमेह और हाई बीपी मिलकर स्ट्रोक और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ाते हैं। पेट पर जमा चर्बी विशेष रूप से नुकसानदायक होती है।
यदि किसी व्यक्ति का पेट निकला हुआ है तो उसे मधुमेह का खतरा अधिक हो सकता है। कई मरीजों में सामान्य इंसुलिन से भी पर्याप्त फायदा नहीं मिलता। बीमारियों का स्वरूप बदल रहा है, इसलिए उपचार में नई दवाओं और आधुनिक विकल्पों को भी अपनाने की जरूरत है।
डीडवानिया ने कहा कि अमेरिका और भारत में हार्ट फेलियर के जोखिम के प्रमुख कारण लगभग एक जैसे हैं। पहले भोजन की कमी के कारण लोग कम खाते थे, लेकिन अब खानपान की अधिकता और शारीरिक गतिविधियों में कमी से मोटापा बढ़ रहा है।
लोग मोटापे को सामान्य मान लेते हैं, जबकि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खानपान और जीवनशैली में बदलाव जरूरी है। उन्होंने दवाओं के संबंध में कहा कि भारत में अब अच्छी और सस्ती जेनेरिक दवाएं उपलब्ध हैं। चिकित्सकों को मरीजों की जरूरत के अनुसार नई और प्रभावी दवाओं के विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए।
हृदय रोग विशेषज्ञ पीसी मनोरिया ने बताया कि सोशल मीडिया की लत भी बड़ी स्वास्थ्य समस्या बनती जा रही है। लोग घंटों मोबाइल पर व्यस्त रहते हैं। शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं। लोग समय पर खाते-पीते और व्यायाम नहीं करते। नतीजा मोटापा, मधुमेह और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों के रूप में सामने आता है।
आगे चलकर हृदयाघात का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए सप्ताह में मात्र 80 मिनट ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करें। देश में करीब 10 करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित हैं और हर साल लगभग 10 लाख लोगों को हृदयाघात होता है। स्वस्थ रहने के लिए उन्होंने 80 के मूल मंत्र बताए हैं।
इनमें कमर का घेरा 80 सेमी, नीचे का ब्लड प्रेशर 80 एमएम एचजी और एलडीएल कोलेस्ट्राल 80 एमजी तक रखने जैसे लक्ष्य शामिल हैं। नियमित सैर, सक्रिय जीवनशैली और खुद के लिए समय निकालना भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें- देशी शादियों में विदेशों जायके की इंट्री, जापानी सुशी, कोरियन फूड मेहमानों को भा रहा