
लाइफस्टाइल डेस्क। शादियों में अब मेहमान सिर्फ खाने की तारीफ करके घर नहीं लौटना चाहते, वे कुछ ऐसा चखना और देखना चाहते हैं जो पहले कभी अनुभव न किया हो। यही वजह है कि शादी के बफेट में अब दाल मखनी, पनीर और पारंपरिक मिठाइयों के साथ दुनिया भर के जायकों की एंट्री हो रही है।
कहीं इटैलियन पास्ता और मैक्सिकन टैको का काउंटर है तो कहीं जापानी सुशी, कोरियन और थाई व्यंजन मेहमानों को आकर्षित कर रहे हैं। खाने का यह बदलता अंदाज अब सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं है। उसकी सजावट, परोसने का तरीका और लाइव कुकिंग भी आयोजन का खास हिस्सा बन रहे हैं।
कैटरिंग संचालकों के अनुसार, अब कुछ आयोजनों में सात से आठ अलग-अलग देशों के व्यंजनों की वैरायटी रखी जा रही है। कैटरिंग संचालकों के अनुसार, पहले शादियों में भारतीय व्यंजनों और पारंपरिक मिठाइयों पर अधिक जोर रहता था, लेकिन अब युवा कपल्स नए स्वाद को लेकर प्रयोग कर रहे हैं।
इटैलियन पास्ता, पिज्जा, मैक्सिकन नाचोज, टैको, थाई फूड, जापानी डिमसम और सुशी के साथ लेबनीज व्यंजन भी मेनू में शामिल हो रहे हैं। इनमें इटैलियन और मैक्सिकन फूड की अच्छी मांग है। वहीं अब कोरियन, जापानी और एशियन कुजीन का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है।
हालांकि विदेशी व्यंजनों के बीच इंदौर के पोहा-जलेबी, दाल-बाफला, गराडू, भुट्टे का कीस और इंदौरी चाट की मांग अब भी बरकरार है। ग्राहक चाहते हैं कि मेहमानों को विदेशी स्वाद के साथ शहर के पारंपरिक जायके का भी आनंद मिले।
यह भी पढ़ें- Wedding Season 2026: दूल्हों के सिर चढ़कर बोल रहा है पेस्टल और इंडो-वेस्टर्न का खुमार

खाने के साथ अब डेजर्ट सेक्शन में भी नए प्रयोग हो रहे हैं। पारंपरिक मिठाइयों के अलावा कुनाफा, तुर्किश बकलावा, वाफल्स और स्ट्रूप वाफल्स जैसे विकल्प शामिल किए जा रहे हैं। लाइव आइसक्रीम पार्लर का चलन भी बढ़ा है, जहां आठ से 15 तरह के फ्लेवर उपलब्ध रहते हैं।
तवा आइसक्रीम और रोलर आइसक्रीम को भी अलग अंदाज में तैयार कर परोसा जा रहा है। इसके अलावा अब डेजर्ट को पहले से प्लेट में सजाकर फाइव स्टार होटल की तरह सर्व किया जा रहा है। इससे मेहमानों को मिठाई के स्वाद के साथ उसकी आकर्षक प्रस्तुति का अनुभव भी मिलता है।
यह भी पढ़ें- शाही ठाठ के साथ वेडिंग लुक में लौटे राजसी दूल्हे, कंठे से सिरपेच तक हैवी ज्वेलरी का क्रेज

अब मेहमानों के सामने खाना तैयार करने का चलन भी बढ़ रहा है। लाइव पास्ता, पिज्जा, चाट, डोसा, तंदूर और माकटेल काउंटर के साथ फ्लेम कुकिंग और लिक्विड नाइट्रोजन आइसक्रीम जैसे प्रयोग किए जा रहे हैं। वहीं पुराने जमाने की साइकिल और विंटेज ठेलों पर चाट-काफी परोसने का तरीका भी आकर्षण बन रहा है। कुछ आयोजनों में वीआईपी मेहमानों के लिए बफेट के बजाय रेस्टोरेंट की तरह एक-एक कोर्स टेबल पर परोसा जा रहा है।

कैटरिंग संचालकों के अनुसार, मेहमान अब खाने की फोटो खींचकर इंटरनेट मीडिया पर साझा करना भी पसंद करते हैं। ऐसे में काउंटर की सजावट के लिए लकड़ी के पट्टे, घास, मास और ताजे फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। खाने की प्लेटिंग और परोसने के अंदाज को भी खास बनाया जा रहा है।

बच्चों के लिए सुशी, डिमसम और चाइनीज व्यंजन रखे जा रहे हैं, जबकि बुजुर्गों के लिए हल्के व्यंजनों, पारंपरिक चाट और मिठाइयों पर ध्यान दिया जा रहा है। हेल्दी फूड के प्रति जागरूकता के चलते मिलेट, सलाद, ग्रिल्ड फूड, शुगर फ्री डेजर्ट और वेगन विकल्पों को भी कुछ आयोजनों में जगह मिल रही है।
यह भी पढ़ें- MP-CG में डेस्टिनेशन वेडिंग का बढ़ता क्रेज, महलों से लेकर झील और पहाड़ों तक ये हैं 10 खूबसूरत जगहें

कैटरिंग के बजट में विदेशी व्यंजनों और लाइव काउंटर को शामिल करने से अंतर आता है। सामग्री, विशेष शेफ और काउंटर की व्यवस्था के कारण इनकी लागत सामान्य भारतीय मेनू से अधिक हो सकती है। हालांकि यह खर्च व्यंजनों और काउंटर की संख्या पर निर्भर करता है।
यह भी पढ़ें- दोस्त की शादी में क्या गिफ्ट दें? 500 से 5000 तक के ये 15 यूनिक Wedding Gift Ideas आएंगे काम

यह भी पढ़ें- Newspaper Photo Booth: शादी, सगाई, बर्थडे में नया ट्रेंड,जिसमें अखबार की तरह दिखती है मेहमानों की तस्वीर
विवेक साठे, इवेंट मैनेजर: कुछ कपल्स शादी के मेनू को अपनी ट्रैवल डायरी की तरह तैयार करवाते हैं। एक शादी में यूरोप यात्रा की याद में आथेंटिक वुड फायर नेपोलिटन पिज्जा और तुर्किश बकलावा का काउंटर लगवाया गया था।
पीयूष प्रधान, कैटरिंग संचालक: अब ग्राहक केवल व्यंजनों की संख्या बढ़ाने के बजाय उनकी गुणवत्ता, स्वाद और प्रस्तुति पर खर्च करना पसंद कर रहे हैं। इस तरह शादी का बफेट अब सिर्फ खाना परोसने की व्यवस्था नहीं, बल्कि मेहमानों को अलग-अलग देशों के जायकों से रूबरू कराने का अनुभव बनता जा रहा है।
यश पाहुजा, कैटरर: डबल स्टोरी काफी और माकटेल सेटअप में आठ से दस तरह के माकटेल और ऊपर हाट-कोल्ड काफी के विकल्प रखे जा रहे हैं। इसमें मैंगो चीज क्रीम कॉफी और एफोगाटो जैसे प्रयोग भी शामिल हैं।