
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। थायराइड की बीमारी इन दिनों बहुत आम हो चुकी है। इस ऑटो इम्यून डिजीज को नियमित दवाओं और हल्के फुल्के व्यायाम के साथ नियंत्रित किया जा सकता है। थायराइड की बीमारी दो वजहों से होती हैं। एक हार्मोन के कम रिलीज होने की वजह से, जिसे हायपोथायराइडिज्म कहा जाता है।
ये बातें नईदुनिया के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में हार्मोन रोग विशेषज्ञ व एमजीएम मेडिकल कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर राजेश वर्मा ने पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए कही।
उन्होंने बताया कि ज्यादा हार्मोन रिलीज होने को हायपरथायराइडिज्म कहा जाता है। थायराइड गले के सामने की एक ग्रंथी होती है जिसमें थायरॉक्सिन नामक हार्मोन बनता है। लगभग 90 प्रतिशत मामलों में हायपोथायराइड की बीमारी होती है। पुरुषों के मुकाबले महिलाएं ऑटो इम्यून डिजीज की ज्यादा शिकार होती हैं।
थायराइड की बीमारी में भी 10 मामलों में से लगभग 7 मामलों में महिलाएं मरीज होती हैं। बड़ों के मुकाबले बच्चों में होने वाला थायराइड ज्यादा गंभीर हो सकता है।
इससे उनके दिमाग और शरीर का विकास धीमा हो सकता है। बीमारी को सही समय पर पकड़ने के बाद नियमित दवाओं और व्यायाम के जरिए सामान्य व्यक्ति की तरह आसानी से जिंदगी गुजारी जा सकती है। डायबिटीज की तरह इस बीमारी में शरीर के अन्य अंगों पर दुष्प्रभाव नहीं पड़ता है।
थायराइड के लक्षण दिखने पर कराना चाहिये टी3 और टी4 की जांच
मुझे 16 सालों से थायराइड की समस्या है। पैरों और घुटनों में सूजन और दर्द है। यह थायराइड की वजह से है या कोई अन्य कारण है? मैं 150 पावर की दवा ले रही हूं - मंजुला शर्मा
आप थायराइड का टेस्ट कराएं। अगर रिपोर्ट नॉर्मल आती है तो ये समस्या थायराइड की वजह से नहीं है। ऐसे में आप किसी हड्डी रोग विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
सिरदर्द, हाथ-पैर दर्द होता है। 2 साल से थायराइड है, क्या ये इस बीमारी की वजह से है? - राजेश अग्रवाल
थायराइड की समस्या में सिरदर्द नहीं होता है। आपके सिरदर्द या हाथ-पैर दर्द की वजह ब्लड प्रेशर का बढ़ना भी हो सकती है।
थायराइड बीमारी के लक्षण क्या होते हैं? - मुस्तफा हुसैन वोहरा
थायराइड दो तरह का होता है। हायपोथायराइडिज्म के लक्षणों में थकान-सुस्ती रहना, स्किन का सूखना, हाथ पैर ठंडे होना, बाल झड़ना, कब्ज की शिकायत, डिप्रेशन आदि हैं।
मुझे 6 साल से थायराइड है। डाक्टर ने गोली खाने का कहा है। मेरी आवाज में भी पिछले 15 दिनों में बदलाव आ गया है? - ज़फर हुसैन
थायराइड के टेस्ट कराएं, जिससे आपको स्थिति की सही जानकारी मिलेगी। थायराइड रिपोर्ट अगर नॉर्मल आए तो नाक-कान और गला विशेषज्ञ को दिखाएं।
थायराइड क्या होता है और इसके लक्षण क्या हैं? - रोहित नीमा
गले के सामने थायराइड एक ग्रंथी होती है, जिससे हार्मोन रिलीज होता है। हार्मोन का कम या ज्यादा निकलना इस बीमारी की वजह बनता है। ज्यादातर मामलों में हायपोथायराइडिज्म होता है। इसमें थकान-सुस्ती, जोड़ों में दर्द, हाथ पैर ठंडे होना, बालों का झड़ना, कब्ज आदि लक्षण हो सकते हैं।
थायराइड का सही इलाज क्या है? - राधेश्याम मंडलोई
थायराइड की बीमारी में अगर हार्मोन कम बन रहे हैं तो इसे बैलेंस करने की दवाई आती है। ज्यादातर मामलों में इस दवाई को जिंदगीभर लेना होता है। इस बीमारी में खान-पान के परहेज का ज्यादा रोल नहीं है। हालांकि प्राणायाम जैसी हल्की फुल्की एक्सरसाइज़ हमेशा फायदेमंद रहती है।
मेरी पत्नी की उम्र 61 साल है, उन्हें थायराइड की शिकायत है। टीएसएच 16 आया है। 75 पावर की दवाई ले रहे हैं, क्या करें? - अर्जित खली
थायराइड की दवाई का असर डेढ़ महीने में दिखाई देता है। आपने हाल ही में डोज बढ़ाया है। ऐसे में डेढ़ महीने तक दवा रेगुलर लें, फिर टीएसएच की रिपोर्ट कराएं। रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि डोज में बदलाव होगा या नहीं।
थायराइड की पहचान कैसे करूं, थायराइड होने पर क्या एहतियात बरतूं? - राजकुमार कुशवाह
फैमिली हिस्ट्री होने पर थायराइड की बीमारी होने की आशंका बढ़ जाती है। वजन बढ़ना, सुस्ती, बाल झड़ना जैसे लक्षण थायराइड के हो सकते हैं। ऐसे में टीएसएच बढ़ना आने पर एंटीबॉडी टेस्ट भी कराएं। अगर टेस्ट पॉजिटिव आता है तो गोली लेना अनिवार्य है।