
लाइफस्टाइल डेस्क। लोग अक्सर सोचते हैं कि बाहर प्रदूषण बढ़ने पर घर के अंदर रहना सुरक्षित है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। अगर घर में अगरबत्ती, धूप, मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाई जाती है या रसोई में बिना उचित वेंटिलेशन के खाना बनाया जाता है, तो घर के अंदर भी प्रदूषण बढ़ सकता है। इन चीजों से निकलने वाले बारीक कण और धुआं सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं।
WHO के मुताबिक, खराब वेंटिलेशन वाले घरों में खाना पकाने और ईंधन जलाने से निकलने वाले प्रदूषकों का स्तर काफी बढ़ सकता है। इसके अलावा, बाहर की प्रदूषित हवा भी दरवाजों, खिड़कियों और दूसरी खुली जगहों से घर में पहुंचती है। यानी सिर्फ घर के अंदर रहने से प्रदूषण से पूरी सुरक्षा नहीं मिलती।
अगरबत्ती और धूप जलाने पर हवा में बारीक कण और कुछ गैसें निकलती हैं। इसी तरह मच्छर भगाने वाली कॉइल के जलने से भी धुआं पैदा होता है। बंद कमरे में इनका लगातार इस्तेमाल करने से हवा की गुणवत्ता खराब हो सकती है।
रसोई में भी सावधानी जरूरी है। तड़का लगाने, तेल गर्म करने और खाना पकाने के दौरान निकलने वाला धुआं घर के अंदर जमा हो सकता है। खासकर छोटे किचन में अगर एग्जॉस्ट फैन या चिमनी नहीं है, तो इसका असर ज्यादा हो सकता है। लकड़ी, कोयले या उपलों से खाना बनाने पर प्रदूषण का खतरा और बढ़ जाता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ऐसे धुएं के संपर्क में रहने से आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा और एलर्जी के मरीजों में इसके लक्षण बढ़ सकते हैं।
घर के अंदर बढ़ता प्रदूषण बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और सांस से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए ज्यादा नुकसानदायक हो सकता है। बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं, जबकि बुजुर्गों में सांस और दिल से जुड़ी समस्याओं का खतरा पहले से अधिक हो सकता है।
WHO के अनुसार, बच्चों और पहले से सांस या हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को प्रदूषण के संपर्क से बचाने की विशेष जरूरत है। लगातार धुएं के संपर्क में रहने से सांस संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।
घर की हवा बेहतर रखने के लिए महंगे एयर प्यूरीफायर खरीदना ही एकमात्र उपाय नहीं है। कुछ छोटी आदतों से भी प्रदूषण का स्तर कम करने में मदद मिल सकती है।
भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की घरेलू वायु प्रदूषण संबंधी एडवाइजरी में भी मच्छर कॉइल और अगरबत्ती के धुएं को कम करने, साफ ईंधन इस्तेमाल करने और रसोई में उचित वेंटिलेशन रखने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- MP-CG के जंगलों का असली सुपरफूड! लेकिन अब इस आदिवासी थाली पर नूडल्स-चिप्स का कब्जा