
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दी का मौसम शुरू होते ही जोड़ों में दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इन दिनों में मांसपेशियों में जकड़न की वजह से दर्द की समस्या भी होने लगती है। उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों का घनत्व कम होने के साथ उनमें कमजोरी आने लगती है।
यह ऐसा समय होता है जब हड्डियों की मजबूती पर विशेष ध्यान देना आवश्यक हो जाता है। सर्दी के दिनों में कैल्शियम रिच और प्रोटीन से भरपूर डाइट लेना फायदेमंद होता है।
शरीर में विटामिन डी की कमी भी हड्डियों से जुड़ी समस्याओं को बढ़ाती है। विटामिन डी कम होने पर शरीर में कैल्शियम का सही तरीके से अवशोषण नहीं हो पाता है। इसके चलते अतिरिक्त कैल्शियम जोड़ों में जमा होकर गठिया जैसी समस्याओं को पैदा कर सकता है।
नईदुनिया के हेलो डाॅक्टर कार्यक्रम में पाठकों के सवालों का जवाब देते हुए ये बातें वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ व ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डाॅ. साकेत जती ने कहीं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक तौर पर विटामिन डी लेने के लिए धूप में पर्याप्त समय तक बैठना जरूरी है।
सर्दियों में नियमित हल्का फुल्का व्यायाम करें और कम से कम दो किलोमीटर तक पैदल चलें। इसके साथ ही मौसमी फल, हरी सब्जियां, पनीर, दूध, घी को अपने भोजन का जरूरी हिस्सा बनाएं। स्लिप डिस्क और कूल्हे से जुड़ी समस्याएं होने पर भारी सामान को उठाने या एक जगह से दूसरी जगह सरकाने से बचना चाहिए।
मेरी उम्र 80 वर्ष है और मेरे जोड़ों और हड्डियों में दर्द बना रहता है। सर्दी के दिनों में यह समस्या काफी बढ़ जाती है। - ओमप्रकाश शर्मा
सर्दी के दिनों में मांसपेशियों में अकड़न आ जाती है। आप रोजाना कम से कम दो घंटे धूप में समय बिताएं। इससे शरीर में ऊर्जा आएगी और मसल्स की सिकुड़न दूर होगी। अपने खाने में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दही, दूध आदि शामिल करें। कैल्शियम रिच डाइट इस उम्र में आपकी हड्डियां मजबूत बनाने में मदद करेगी।
मुझे कूल्हे में दर्द की समस्या है और जांघ के पास की हड्डी भी दर्द करती है। ऐसा क्यों हो रहा है। - धुलेसिंह पतेल
आपने समस्या से जुड़े जो लक्षण बताए हैं उनसे ऐसा लगता है कि आपको स्लिप डिस्क की समस्या हो रही है। आपके दाएं कूल्हे में एल-4, एल-5 डिस्क में दबाव की वजह से जांघ के पास की हड्डी में दर्द हो सकता है। आप किसी हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। जमीन पर न बैठें और जहां दर्द हो रहा है वहां सिकाई करें।
मुझे ढाई साल पहले चिकनगुनिया हुआ था। सर्दी शुरू होते ही जोड़ों में दर्द शुरू हो गया है। - नमिता
महिलाओं में 50 की उम्र के बाद पोस्ट मोनोपाज और आस्टियोपोरोसिस की वजह से हड्डियां कमजोर हो सकती हैं। ऐसे में पोषण वाला आहार लेना जरूरी है, जिसमें कैल्शियम, प्रोटीन रिच फूड शामिल रहे। आप सर्दी के दिनों में इनर पहनकर रखें। धूप में समय बिताएं और नियमित हल्का फुल्का व्यायाम करें। रोज एक से दो किलोमीटर पैदल चलना आपको स्वस्थ रखने में मदद करेगा।
ठंड में शरीर की ABCD बिगाड़ सकती है Vitamin-D की कमी, धूप न मिलने पर ऐसे करें दूर
मुझे शुगर और अस्थमा की शिकायत है। मेरी उम्र 72 वर्ष है, कुछ दिनों से घुटनों में हल्का दर्द रहता है। - नजरीन सैयद
आप घुटनों में दर्द की समस्या से जूझ रही हैं तो जमीन में सीधे बैठना बंद करें। इंडियन टायलेट का उपयोग भी न करें, क्योंकि इससे घुटनों का दर्द बढ़ सकता है। आप घुटनों को फ्री करने के लिए कुछ कसरतें नियमित रूप से करें। घुटनों में दर्द वाली जगह पर सिकाई करना आपको राहत दिला सकता है।
बढ़ती उम्र में हड्डियां मजबूत बनाए रखने के लिए कैसी दिनचर्या और खानपान होना चाहिए। - रोहित नीमा और भागीरथ शर्मा
उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों की मजबूती बनाए रखना जरूरी होता है। इसके लिए रोज 10 से एक बजे के बीच धूप में बैठना फायदेमंद रहेगा। पैरों और हाथों की नियमित मसाज करें। रेगुलर डाइट में दूध, दही, पनीर, घी, मौसमी फल, हरी सब्जियों का सेवन करें। एक-एक कटोरी दाल सुबह-शाम भोजन में शामिल करें। हड्डियों को स्ट्रान्ग करने के लिए ब्रिस्क वाकिंग लाभकारी रहेगी। घुटनों में दर्द की समस्या हो तो जमीन पर बैठने से बचें। भारी वजन न उठाएं और न सरकाएं। इससे स्लिप डिस्क का रिस्क बढ़ सकता है।
कूल्हा प्रत्यारोपण किस स्थिति में और किस उम्र तक कराना चाहिए? - वैशाली
जब कूल्हे के जोड़ों में आस्टियोआर्थराइटिस की समस्या होती है और दवा खाने से भी आराम नहीं मिलता है। सुबह उठने पर कूल्हे में जकड़न बनी रहती है और दर्द होता है। ऐसी सूरत में हिप रिप्लेसमेंट कराया जा सकता है। यह पूरी तरह से सुरक्षित है और इसकी सफलता का प्रतिशत बहुत ज्यादा है। शारीरिक स्थिति देखकर योग्य चिकित्सक कूल्हा प्रत्यारोपण का निर्णय लेता है।
मेरे घुटनों में गैप आ गई है और दर्द बना रहता है। मेरी उम्र 71 वर्ष है और मैं आपरेशन नहीं कराना चाहता हूं। - प्रदीप जैन
आप जिस उम्र में हैं उसमें घुटनों में गैप आना और घुटनों का घिस जाना और चिपक जाना एक आम समस्या है। घुटनों के ऑपरेशन से आपको डरने की जरूरत नहीं है। आपकी समस्या बढ़ गई है तो घुटने के जोड़ों का प्रत्यारोपण करा सकते हैं। यह एक अत्यंत सफल और परिणामदायी ऑपरेशन होता है।