
लाइफस्टाइल डेस्क। सुबह उठते ही दिनभर के कामों की लिस्ट बनाना, ऑफिस से लौटने के बाद भी ईमेल चेक करना और छुट्टी के दिन आराम करते हुए यह सोचना कि इस समय कोई जरूरी काम किया जा सकता था। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो संभव है कि आप Productivity Guilt यानी काम न करने का पछतावा महसूस कर रहे हों। इसमें व्यक्ति को खाली बैठने या आराम करने पर भी लगता है कि वह अपना समय बर्बाद कर रहा है। दिलचस्प बात यह है कि कई बार जरूरी काम पूरे करने के बाद भी यह एहसास खत्म नहीं होता।
आज की तेज रफ्तार जिंदगी में, जहां व्यस्त रहना सफलता और मेहनत का संकेत माना जाता है, वहां आराम करना भी कुछ लोगों को अपराधबोध (गिल्ट) से भर सकता है। सोशल मीडिया पर दूसरों की उपलब्धियां देखकर यह भावना और बढ़ सकती है। लेकिन क्या हर समय कुछ न कुछ करते रहना वास्तव में हमारी प्रोडक्टिविटी बढ़ाता है?
Productivity Guilt कोई अलग से पहचानी जाने वाली मानसिक बीमारी नहीं, बल्कि एक ऐसा एक्सपीरियंस है जिसमें व्यक्ति को लगता है कि वह पर्याप्त काम नहीं कर रहा है। यह भावना तब भी पैदा हो सकती है, जब वह दिनभर मेहनत कर चुका हो या उसे शारीरिक और मानसिक आराम की जरूरत हो।
इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। बचपन से लगातार मेहनत करने, अच्छे अंक लाने या हर काम में बेहतर प्रदर्शन करने की अपेक्षाएं व्यक्ति के मन में यह धारणा बना सकती हैं कि उसकी कीमत उसकी उपलब्धियों से तय होती है। बड़े होने पर यही सोच नौकरी, पढ़ाई और निजी जिंदगी में भी दिखाई दे सकती है।
इसके अलावा, काम की लंबी सूची, समयसीमा का दबाव और भविष्य को लेकर चिंता भी आराम के दौरान बेचैनी बढ़ा सकती है। कुछ लोगों को लगता है कि अगर वे रुक गए, तो दूसरे उनसे आगे निकल जाएंगे। ऐसे में आराम जरूरत के बजाय समय की बर्बादी जैसा महसूस होने लगता है।
सोशल मीडिया पर लोग अक्सर अपनी उपलब्धियां, नई स्किल सीखने, वर्कआउट करने या काम में सफलता हासिल करने से जुड़ी पोस्ट साझा करते हैं। इन पोस्ट को देखकर ऐसा लग सकता है कि बाकी सभी लोग लगातार कुछ हासिल कर रहे हैं और केवल हम ही पीछे रह गए हैं।
इस तुलना में एक बड़ी समस्या यह है कि सोशल मीडिया पर आमतौर पर किसी की जिंदगी का चुनिंदा हिस्सा दिखाई देता है, पूरी तस्वीर नहीं। हमें दूसरे व्यक्ति की उपलब्धियां दिखती हैं, लेकिन उसका संघर्ष, थकान या आराम का समय नहीं।
जब व्यक्ति अपनी सामान्य दिनचर्या की तुलना दूसरों की उपलब्धियों से करने लगता है, तो उसे अपनी मेहनत भी कम लग सकती है। नतीजतन, वह खाली समय में भी खुद को व्यस्त रखने की कोशिश करता है। धीरे-धीरे आराम करने पर होने वाला अपराधबोध उसकी दिनचर्या का हिस्सा बन सकता है।
हर समय काम करते रहना जरूरी नहीं कि बेहतर नतीजे दे। पर्याप्त आराम न मिलने पर ध्यान केंद्रित करने, फैसले लेने और समस्याओं को हल करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। लगातार काम का दबाव थकान, चिड़चिड़ापन और नींद से जुड़ी समस्याओं को भी बढ़ा सकता है।
आराम शरीर और दिमाग को दोबारा ऊर्जा हासिल करने का मौका देता है। अच्छी नींद, पसंदीदा गतिविधियों के लिए समय निकालना, दोस्तों या परिवार के साथ वक्त बिताना और काम से कुछ देर दूरी बनाना मानसिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हो सकता है।
इसलिए प्रोडक्टिविटी का मतलब केवल यह नहीं है कि दिनभर में कितने काम पूरे किए गए। यह भी मायने रखता है कि काम कितनी अच्छी तरह किया गया और उसे करते हुए व्यक्ति की सेहत कैसी रही।
इस भावना को कम करने के लिए सबसे पहले आराम को भी दिनचर्या का जरूरी हिस्सा मानना होगा। दिनभर के कामों की सूची बनाते समय केवल जरूरी काम ही नहीं, बल्कि भोजन, नींद और ब्रेक के लिए भी समय तय करें। हर काम पूरा न हो पाने पर खुद को असफल मानने के बजाय प्राथमिकताएं तय करना सीखें।
आराम करते समय बार-बार फोन या ईमेल चेक करने की आदत को सीमित करना भी मददगार हो सकता है। सोशल मीडिया पर दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी प्रगति और जरूरतों पर ध्यान दें। अगर आराम करने पर अपराधबोध लगातार बना रहता है, रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती है या चिंता बहुत बढ़ जाती है, तो मानसिक हेल्थ स्पेशलिस्ट से बात करना उपयोगी हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Halloween सिर्फ डर का Festival नहीं, बना अरबों डॉलर का बिजनेस…आखिर कैसे बढ़ा इसका बिजनेस