
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बच्चों में कई ऐसी समस्याएं होती हैं, जिन्हें माता-पिता सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। वहीं, कुछ लक्षण ऐसे होते हैं, जिनमें समय पर जांच और विशेषज्ञ की सलाह जरूरी होती है। खासतौर पर बच्चे को बार-बार झटके आना, पेट कड़ा रहना, पेशाब पर नियंत्रण नहीं होना या लगातार बीमार पड़ना गंभीर कारणों की ओर संकेत कर सकता है। दूसरी ओर दूध के दांतों का टूटना जैसी कुछ स्थितियां बच्चों के विकास की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती हैं।
इन सभी सवालों पर बुधवार को आयोजित नवदुनिया हेलो डाॅक्टर कार्यक्रम में एम्स भोपाल के पीडियाट्रिक सर्जन डाॅ. रोशन चंचलानी ने पाठकों को सलाह दी।
कार्यक्रम में बच्चों की सर्दी-जुकाम से लेकर सिजर्स, पेट की समस्या, पोषण, कमजोर इम्युनिटी और रात में बिस्तर गीला करने जैसी समस्याओं से जुड़े सवाल पूछे गए।
डाॅ. चंचलानी ने कहा कि बच्चों में किसी भी समस्या का इलाज करने से पहले उसके कारण का पता लगाना जरूरी है। जरूरत पड़ने पर जांच के बाद ही दवा और आगे के उपचार का निर्णय लेना चाहिए।
सवाल: बच्चों में इन दिनों सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण से बचाव के लिए क्या उपाय करने चाहिए?- - जगदीश, होशंगाबाद
जवाब: इस समय बच्चों में वायरल संक्रमण का असर अधिक देखने को मिल रहा है। इसे पूरी तरह ठीक होने में लगभग एक सप्ताह का समय लगता है। बच्चों को उबला और साफ-सुथरा पानी पिलाएं। उनके खान-पान में हरी सब्जियों को शामिल करें और ज्यादा देर एसी में रखने से बचें। यदि बच्चा पेट दर्द की शिकायत करे, तो सतर्क रहें और डाक्टर की सलाह से ही दवा दें।
सवाल: बच्चे को बार-बार झटके (सीजर्स) आ रहे हैं, उसके दिमाग में पूर्व में चोट भी लगी थी। -अशोक गोस्वामी, नरसिंहगढ़
जवाब: बच्चे का तुरंत सीटी स्कैन और एमआरआई कराना आवश्यक है, ताकि झटके आने की सही वजह का पता चल सके। दिमाग में चोट या किसी प्रकार का संक्रमण भी इसका कारण हो सकता है। किसी न्यूरोलाजिस्ट (दिमाग के डाक्टर) को दिखाकर बच्चे की उम्र और वजन के हिसाब से दवा का सही डोज तय कराना होगा।
सवाल: छह साल के बच्चे के दूध के दांत टूट रहे हैं और मसूड़ों से जुड़ा संशय है।-देविका राव, न्यू मार्केट।
जवाब: यह बिल्कुल सामान्य और प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया (फिजियोलाजिकल प्रोसेस) है। इसमें घबराने या परेशान होने की जरूरत नहीं है। कई बार इस दौरान मसूड़ों में पिगमेंटेशन (रंग में बदलाव) भी हो जाता है। ब्लीडिंग कम करने के लिए डाक्टर की सलाह से विटामिन-सी की दवाएं दी जा सकती हैं।
सवाल: एक साल के बच्चे के लिए कौन सा आहार देना उचित रहेगा?-मीना द्विवेदी, चार इमली।
जवाब: शिशु के जन्म के शुरुआती छह महीनों तक केवल मां का दूध ही सबसे बेहतर आहार होता है। एक साल का होने पर बच्चे को पतली दाल, दाल-चावल का मैश किया हुआ मिश्रण और सुपाच्य खिचड़ी खिलाना शुरू करें।
सवाल: 13 साल का बच्चा बार-बार बीमार हो जाता है, उसकी इम्युनिटी कमजोर लग रही है।-राजकुमार गुप्ता, अवधपुरी।
जवाब: बार-बार बीमार पड़ने का मतलब है कि शरीर में कोई ऐसा अंतर्निहित कारक है जो संक्रमण फैला रहा है। बच्चे की खून की विस्तृत जांच करानी होगी ताकि इम्युनिटी की कमजोरी का सटीक कारण पता चल सके। इसके बाद डाक्टर की सलाह पर इम्युनिटी बूस्टर या आवश्यक उपचार शुरू किया जाएगा।
सवाल: बच्चे का पेट अक्सर कड़क रहता है और पेट में समस्या बनी रहती है।-राहुल प्रजापति, ब्यावरा
जवाब: सबसे पहले बच्चे को बाहर का डिब्बा बंद या जंक फूड खिलाना पूरी तरह बंद कर दें। पेट की सोनोग्राफी (अल्ट्रासाउंड) करानी होगी, ताकि अंदर किसी प्रकार की गठान या रुकावट का पता चल सके। आप सोमवार से शुक्रवार के बीच एम्स भोपाल की पीडियाट्रिक सर्जरी ओपीडी में बच्चे को दिखा सकते हैं।
सवाल: दस साल का नाती रात में बिस्तर गीला कर देता है, यह कितनी गंभीर समस्या है?-लल्ला सिंह राजपूत, करोंद (भोपाल)
जवाब: दस साल की उम्र तक बच्चों का ब्लैडर (मूत्राशय) और यूरीन कंट्रोल विकसित हो जाना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हो रहा है तो यह जांच का विषय है। इसमें यूरीन इन्फेक्शन (संक्रमण) या नसों की कमजोरी हो सकती है। पीडियाट्रिक को दिखाएं, जांच के बाद ही इसका स्थायी उपचार संभव होगा।