
लाइफस्टाइल डेस्क। कभी परिवार का मतलब माता-पिता, भाई-बहन और रिश्तेदारों तक सीमित माना जाता था। लेकिन अब इस सोच में बदलाव आ रहा है। खासकर युवाओं के बीच ऐसे दोस्तों का महत्व बढ़ रहा है, जो मुश्किल समय में परिवार की तरह साथ खड़े रहते हैं। ये दोस्त सिर्फ घूमने-फिरने या पार्टी करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि भावनात्मक सहारा देने से लेकर रोजमर्रा की जिम्मेदारियों में भी एक-दूसरे का साथ निभाते हैं। इसी सोच को इन दिनों Chosen Family यानी चुना हुआ परिवार कहा जा रहा है।
इसका मतलब है कि इंसान अपने जीवन में कुछ ऐसे लोगों को परिवार का दर्जा देता है, जिनसे उसका कोई खून का रिश्ता नहीं होता। ये लोग दोस्त, सहकर्मी, पड़ोसी या कोई करीबी हो सकते हैं। उनके बीच का रिश्ता भरोसे, अपनापन और एक-दूसरे की देखभाल पर टिका होता है।
आज पढ़ाई और नौकरी के लिए बड़ी संख्या में युवा अपने घर और शहर से दूर रह रहे हैं। नए शहर में रहने के दौरान उन्हें कई बार अकेलेपन और घर की याद का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कॉलेज के दोस्त, ऑफिस के साथी या आसपास रहने वाले लोग धीरे-धीरे उनके करीब आ जाते हैं।
कई बार यही दोस्त बीमारी में देखभाल करते हैं, परेशानी में सलाह देते हैं और त्योहारों पर परिवार की कमी महसूस नहीं होने देते। धीरे-धीरे दोस्ती एक ऐसे रिश्ते में बदल जाती है, जहां लोग एक-दूसरे को सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि अपना परिवार मानने लगते हैं।
हैदराबाद में रहने वाले युवाओं पर मई 2025 में प्रकाशित द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में भी इस बदलाव को दिखाया गया। इसमें बताया गया कि पढ़ाई और नौकरी के लिए घर से दूर रहने वाले कुछ युवा अपने दोस्तों के बीच परिवार जैसा सहारा तलाश रहे हैं।
Chosen Family का विचार नया नहीं है। इस शब्द का इस्तेमाल खासतौर पर LGBTQ+ समुदाय में उन लोगों के लिए किया गया, जिन्हें अपने परिवार से जरूरी सहयोग या स्वीकार्यता नहीं मिल पाती थी। ऐसे में उन्होंने दोस्तों और अपने समुदाय के लोगों के साथ परिवार जैसे रिश्ते बनाए।
समय के साथ इस विचार पर चर्चा का दायरा बढ़ा है। अब दोस्ती, साथ रहने, एक-दूसरे की जिम्मेदारी उठाने और भावनात्मक सहयोग जैसे पहलुओं को भी परिवार की नई परिभाषा से जोड़कर देखा जा रहा है।
Chosen Family का मतलब अपने असली परिवार से दूरी बनाना या रिश्तेदारों की जगह दोस्तों को देना नहीं है। इसका सीधा अर्थ है कि परिवार जैसा अपनापन सिर्फ खून के रिश्तों से ही नहीं मिलता। कुछ दोस्त भी जीवन में उतनी ही अहम जगह बना सकते हैं।
हालांकि, ऐसे रिश्तों को निभाने के लिए भरोसा, आपसी सम्मान और जिम्मेदारी जरूरी है। सिर्फ साथ घूमने या समय बिताने से कोई चुना हुआ परिवार नहीं बनता। असली पहचान मुश्किल वक्त में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने से होती है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 5 खूबसूरत झरने, जहां पहुंचकर भूल जाएंगे शहर का शोर; दोस्तों के साथ ऐसे बनाएं Weekend Plan