
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सुबह पर्याप्त नींद लेने के बाद भी थकान, सुस्ती या शरीर में भारीपन महसूस होना रोजमर्रा की दिनचर्या को प्रभावित कर सकता है। इसका कारण देर रात तक मोबाइल चलाना, अनियमित सोने-जागने का समय, कम शारीरिक गतिविधि, पानी की कमी या संतुलित आहार न लेना हो सकता है।
लगातार थकान रहने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सुबह उठने के बाद सबसे पहले एक गिलास पानी पीना और कुछ मिनट हल्की स्ट्रेचिंग करना फायदेमंद हो सकता है।
नाश्ता न छोड़ें और इसमें प्रोटीन व फाइबर वाली चीजें जैसे दही, पनीर, अंडा, दाल, अंकुरित अनाज, फल या साबुत अनाज शामिल करें।
दिन में पर्याप्त पानी पिएं और लंबे समय तक लगातार बैठे रहने के बजाय बीच-बीच में थोड़ी देर चलें। रात में सोने और सुबह उठने का समय लगभग तय रखें।
Summer Health Tips: गर्मी में अधिक पसीना बहने से बिगड़ सकती है सेहत, हो सकता है डिहाइड्रेशन

सोने से पहले मोबाइल और अन्य स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें। डायटीशियन अन्नपूर्णा भटनागर का कहना है कि यदि पर्याप्त नींद और दिनचर्या सुधारने के बावजूद कई सप्ताह तक लगातार थकान बनी रहे या इसके साथ वजन में अचानक बदलाव, सांस फूलना, चक्कर या कमजोरी जैसे लक्षण हों, तो डाक्टर से सलाह लेना जरूरी है।