
लाइफस्टाइल डेस्क। आज के समय में माता-पिता के रूप में हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में से एक है , अपने बच्चों को ऐसी बीमारियों से बचाना जिन बीमारियों में बचाव संभव है। टीकाकरण आपके बच्चे को गंभीर संक्रमणों से बचाने का सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है।
टीकाकरण बच्चों की प्रतिरक्षा प्रणाली को हानिकारक कीटाणुओं से लड़ने के लिए तैयार करते हैं, जिसके कारण बीमारी होने पर शरीर बेहतर तरीके से उसका मुकाबला कर सके।
टीकाकरण से खसरा, पोलियो, डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी, हेपेटाइटिस, मेनिन्जाइटिस और इन्फ्लुएंजा (फ्लू) जैसी कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षा मिलती है।

डाॅ. प्रवीण जाडिया, बाल रोग विशेषज्ञ का कहना है कि जब अधिकतर बच्चे टीकाकरण से सुरक्षित होते हैं, तो संक्रमण के फैलने की संभावना कम हो जाती है।
इससे नवजात शिशुओं, बुजुर्गों और उन बच्चों या वयस्कों की भी सुरक्षा होती है जिन्हें किसी चिकित्सकीय कारण से कुछ टीके नहीं लगाए जा सकते।
माता-पिता को अपने बच्चे का टीकाकरण निर्धारित समय-सारणी के अनुसार करवाना चाहिए और जरूरी बूस्टर डोज भी समय पर लगवानी चाहिए।
यदि कोई टीका छूट गया है, तो घबराएं नहीं—अपने बाल रोग विशेषज्ञ से कैच-अप टीकाकरण के बारे में सलाह हमें लेनी चाहिए।
टीकाकरण आपके बच्चे के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अपने बच्चे का टीकाकरण समय पर करवाएं और उन्हें सुरक्षित रखें।