भोपाल : आंगनबाड़ी में टीके से नहीं, सांस नली में दूध फंसने से हुई थी नवजात की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
छोला स्थित आंगनबाड़ी में टीकाकरण और पोलियो की दवा पिलाने के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ी थी; अस्पताल में उसकी मौत हुई थी।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 05:13:45 PM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 05:13:45 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- गांधी मेडिकल कॉलेज के तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया खुलासा
- पोस्टमार्टम में नवजात की मौत का कारण मिल्क एस्पिरेशन बताया
- आंगनबाड़ी में टीकाकरण और पोलियो की दवा पिलाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। टीकाकरण के बाद नवजात की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि बच्ची की मौत टीका लगने से नहीं, बल्कि सांस नली में दूध फंसने से हुई है।
ये है मामला
दरअसल, 14 अगस्त को छोला स्थित आंगनबाड़ी में टीकाकरण और पोलियो की दवा पिलाने के बाद तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने के दौरान नवजात की मौत का दावा किया गया था। यह आरोप परिजन ने लगाए थे।
पोस्टमार्टम के बाद सामने आया सच
उक्त मामले की वस्तुस्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नवजात का पोस्टमार्टम गांधी मेडिकल कॉलेज के तीन चिकित्सकों के पैनल द्वारा किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात की मृत्यु का कारण मिल्क एस्पिरेशन बताया गया है, यानी दूध पेट में जाने के बजाय गलती से सांस की नली और फेफड़ों में चले जाने से दम घुटना।
रिपोर्ट से यह स्पष्ट है कि नवजात की मृत्यु टीकाकरण के कारण नहीं हुई है। विभाग ने बताया कि बीमारियों से बचाने और शिशु मृत्यु दर को कम करने में टीकाकरण की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है।