
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। जिले के वालपुर गांव में भगोरिया हाट के दौरान मामूली धक्का लगने की बात पर हुए विवाद में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों में तीन बालिग एवं एक नाबालिग शामिल है। 27 फरवरी को थाना सोंडवा क्षेत्र के ग्राम वालपुर में आयोजित भगोरिया मेले के दौरान शाम करीब चार बजे के बीच दो पक्षों में आपसी धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और एक पक्ष के लोगों ने तलावद (थाना उदयगढ़) निवासी नाबालिग पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इसके बाद धारदार चाकू से उसके पेट, पीठ और छाती पर वार किए गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सोंडवा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय आलीराजपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में पुलिस ने धारा 109(1) बीएनएस (हत्या का प्रयास) के तहत प्रकरण दर्ज किया था, जिसे बाद में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) में परिवर्तित किया गया।
पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी अश्विनी कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोंडवा निरीक्षक राजाराम बड़ोले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों एवं निजी प्रतिष्ठानों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की पहचान की गई। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोंडवा क्षेत्र के निवासी दिनेश, कमलेश, अर्जुन तथा एक नाबालिग को हिरासत में लिया।
सघन पूछताछ में आरोपियों ने मामूली विवाद के प्रतिशोध में चाकू से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को विधि अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि मेले जैसे आयोजनों में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।