
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर/ सोंडवा : आलीराजपुर जिले के सोंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने धर्म परिवर्तन, पहचान छिपाने और धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले में आरोपित सचिन यादव उर्फ जावेद मंसूरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसे धार जिले के डही क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी की पत्नी आरती अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपित मूल रूप से धार जिले के निसरपुर का रहने वाला है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपित ने अपनी पहचान छिपाकर सोंडवा क्षेत्र में नाम बदलकर रहा। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपित ने मकान मालिक की पत्नी को अपने प्रभाव में लिया और उसे धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया।
साथ ही उसे मजार पर लेकर गया। शिकायत मिलने के बाद सोंडवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सचिन यादव उर्फ जावेद मंसूरी और उसकी पत्नी आरती के खिलाफ जान से मारने की धमकी, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धर्म को नीचा दिखाते हुए धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
इसमें एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5, एससी/ एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम बनाई गई थी।
एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देश पर और सोंडवा थाना प्रभारी आशा राजेश बामनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए जानकारी जुटाना शुरू किया।लगातार कोशिशों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी धार जिले के डही क्षेत्र में है।
टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी जावेद उर्फ सचिन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित की पत्नी आरती की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- प्रार्थना सभा की आड़ में मतांतरण की साजिश: बैतूल के आमला में 5 लोग गिरफ्तार, घर से धार्मिक साहित्य और दस्तावेज जब्त