
नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। गुजरात के अमरेली जिले में बोलेरो वाहन में आग लगने से आलीराजपुर जिले के दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों वाहन में सो रहे थे। मंगलवार सुबह वाहन पूरी तरह जला मिला। दोनों के शव अंदर थे। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आलीराजपुर जिले की कठीवाड़ा तहसील निवासी रवि कमलेशभाई बघेल (16) और नितिन रामसिंह पचाया (21) के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी करने गुजरात के लीलिया तहसील के गुंदरन गांव गए थे।
मामले में रवि के पिता कमलेशभाई ने बताया वह रात करीब 11 बजे तक जाग रहे थे। इसके बाद सोने चले गए। रात करीब 12:30 बजे उन्हें धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। नींद खुलने पर गाड़ी में आग लगी देखी। परिवार का आरोप है कि पैसों के लेन-देन और गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते विनोद नाम के व्यक्ति ने गाड़ी में आग लगाई और दोनों को जिंदा जलाकर मार दिया।
खेत मालिक के रिश्तेदार रमेश वालजीभाई काछड़िया के मुताबिक, खेत अश्विनभाई जीवाभाई काछड़िया का है और इसका संचालन उनके भाई सुरेश पटेल करते हैं। यहां बटाईदार परिवार करीब चार महीने से खेती कर रहा था। रमेश ने बताया कि उन्हें रात करीब 1:20 बजे फोन पर घटना की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।
लीलिया पुलिस और फोरेंसिक साइंस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजन दोनों के शव लेने के लिए रवाना हो गए हैं। उधर, मामले में डीवाईएसपी विस्मय मानसता ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
यह भी पढ़ें- MP राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप पुरी की निर्विरोध जीत तय; कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का पर्चा रद