MP राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप पुरी की निर्विरोध जीत तय; कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का पर्चा रद
मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 06:59:28 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 06:59:28 PM (IST)
हरदीप पुरीHighLights
- हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे पर कांग्रेस की आपत्तियां खारिज
- राजकुमार लोहानी व कांते सायन्ना के नामांकन पत्र निरस्त
- 5 नवंबर को हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध निर्वाचित घोषित होंगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी के प्रस्तावक व विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे द्वारा दर्ज कराई गईं तीनों आपत्तियों को रिटर्निंग ऑफिसर ने खारिज कर दिया।
इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नामांकन पत्र पूरी तरह मान्य कर लिया गया है। तीन नामांकनों में से दो खारिज हो जाने के कारण अब 5 नवंबर को नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
हेमंत कटारे ने शपथ पत्र पर लगाए थे तीन गंभीर आरोप, बुलाई गई थी बैठक
- स्क्रूटनी प्रक्रिया के दौरान अटेर विधायक हेमंत कटारे ने हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे (फॉर्म 26) को लेकर तीन प्रमुख आपत्तियां दर्ज कराई थीं। कटारे ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री ने शपथ पत्र में पत्नी के नाम का कॉलम खाली छोड़ा है। दूसरी आपत्ति विदेशी मुद्रा में संपत्ति दर्शाने को लेकर थी।
- कटारे का कहना था कि संपत्ति का ब्यौरा भारतीय रुपये के बजाय डॉलर और स्विस फ्रैंक में दिया गया है और जेनेवा स्थित संपत्ति व विदेशी खातों की विनिमय दर स्पष्ट नहीं की गई।
- वहीं तीसरी आपत्ति नोटरी एक्ट के उल्लंघन को लेकर थी, जिसमें दावा किया गया कि हलफनामा नोटरी के समक्ष उपस्थित होकर विधिवत सत्यापित नहीं कराया गया। इन आपत्तियों के निराकरण के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में विशेष बैठक बुलाई गई, जहां लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के साथ कांग्रेस विधायक भी मौजूद रहे।
रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष आपत्तियां टिक नहीं सकीं, दोनों प्रतिद्वंद्वियों के पर्चे खारिज
रिटर्निंग ऑफिसर ने इन सभी आपत्तियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने का समय दिया, जिसके बाद भाजपा पक्ष की ओर से प्रस्तुत जवाब और दस्तावेजों को वैध मानते हुए हरदीप सिंह पुरी का नामांकन सही पाया गया। दूसरी ओर, कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी का नामांकन पत्र अनिवार्य फॉर्म 26 संलग्न न होने के कारण स्क्रूटनी में निरस्त कर दिया। इसके अलावा तीसरे प्रत्याशी कांते सायन्ना का पर्चा भी कमियों के चलते खारिज हो गया। केवल एक ही वैध प्रत्याशी शेष रहने से केंद्रीय मंत्री का उच्च सदन पहुंचना सुनिश्चित हो गया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में अमृत-2 के कार्यों का जमीनी निरीक्षण... निगमायुक्त ने गुणवत्ता जांची, सफाई के सख्त निर्देश