
Bhagoria Mela नईदुनिया प्रतिनिधि, आलीराजपुर। भगोरिया लोक उत्सव और होली पर्व को लेकर पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। भगोरिया हाट में ड्रोन व हाइराइज कैमरों और सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। हुड़दंग करने पर तत्काल कार्रवाई होगी। इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस नजर रखेगी। कोई भी आपत्तिजनक वीडियो अथवा फोटो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया तो कार्रवाई की जाएगी। भगोरिया मेला क्षेत्र पर पुलिस की दो पहिया, चार पहिया व पैदल पार्टी अलग-अलग नजर रखेगी।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सोमवार को भगोरिया हाट व होली की तैयारियों को लेकर अफसरों की बैठक ली। एसपी ने कहा कि भगोरिया मेले में कोई भी हथियार लेकर नहीं आ सकेगा। पुलिस अवैध शराब की बिक्री व परिवहन पर भी सख्त कार्रवाई करे। शराब पीकर वाहन चलाने तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को न बख्शा जाए। झुंड बनाकर हुड़दंग करने वाले तथा महिलाओं व बच्चियों से छेड़खानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। एसपी ने निर्देश दिए कि भगोरिया स्थल के चयन, यातायात व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, एंबुलेंस, दमकल आदि को लेकर संबंधित विभाग से समन्वय बनाकर कार्य करें। जहां भी भगोरिया मेले का आयोजन होना है, वहां सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा कर अधिक से अधिक कैमरे लगवाना सुनिश्चित करें।
भगोरिया हाट में व्यवस्थाएं तथा सुरक्षा को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए हैं। जिलेवासियों से अपील है कि महिलाओं व बच्चियों का सम्मान बनाए रखते हुए भगोरिया उल्लासपूर्वक मनाएं। पुलिस इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर रही है। हुड़दंग करने वाले और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई होगी। ड्रोन कैमरे सहित अन्य तकनीकी माध्यमों से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। -राजेश व्यास, पुलिस अधीक्षक, आलीराजपुर