आलीराजपुर में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा, रात में तोड़ते थे ताले, कई जिलों में फैला था नेटवर्क
जोबट पुलिस ने चोरी, लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छगन बघेल (30) और सुम...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 30 Aug 2026 07:29:21 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Aug 2026 07:29:21 PM (IST)
चोरों से जब्त किया गया सामान। गिरफ्त में गैंग। (एआई इमेज)HighLights
- गिरोह से नकबजनी के औजार और बाइक बरामद
- 27 अगस्त को सूने मकान में चोरी करते हुए ग्रामीणों ने पकड़ा था
- जोबट पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को अस्पताल पहुंचाया
नईदुनिया आलीराजपुर। जोबट पुलिस ने चोरी, लूट और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छगन बघेल (30) और सुमजी मोहनिया (45) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी का सामान, दो मोटरसाइकिल और ताले व खिड़कियों को तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजारों से भरा बैग बरामद हुआ है।
मामला 27 अगस्त की मध्यरात्रि का है। गणेश मंदिर के सामने रहने वाले तुकाराम धुले के सूने मकान में चार बदमाश ताला तोड़कर चोरी कर रहे थे। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर पड़ोसियों की नींद खुल गई। शोर मचने पर देखते ही देखते करीब 150 से 200 लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को देखकर चारों आरोपी भागने लगे। लोगों ने घेराबंदी कर पानसिंह, छगन और सुमजी को पकड़ लिया, जबकि दिलीप भागने में सफल रहा।
सूचना मिलते ही जोबट पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपियों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार उपचार के दौरान आरोपी पानसिंह की हार्ट फेल होने से मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने छगन और सुमजी से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने जोबट के अलावा आम्बुआ, उदयगढ़, कुक्षी, बाग, बड़वानी और पानसेमल सहित अन्य क्षेत्रों में चोरी और नकबजनी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।
बैग खोलते ही सामने आया नकबजनी का पूरा सामान
पुलिस ने छगन के कब्जे से काले रंग का बैग बरामद किया, जिसमें हाइड्रोलिक क्रिम्पिंग टूल, बैटरी वाली ड्रिल मशीन, 14 एमएम बिट, लोहे का सब्बलनुमा पाना, पेचकस और हाथ के दस्ताने मिले। इसके अलावा चोरी का कुछ सामान और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 14-15 अगस्त की रात जोबट बायपास क्षेत्र में खिड़की के सरिए काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं 19-20 अगस्त की रात कुक्षी थाना क्षेत्र में मकान में घुसकर परिवार के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने की घटना में भी उनकी भूमिका सामने आई है।
पुरानी डकैती के मामलों में भी सामने आया नाम
मृतक आरोपी पानसिंह के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर अपराध दर्ज रहे हैं। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 में जोबट में सोने-चांदी के व्यापारी की दुकान में हथियारों के बल पर करीब 7 किलो चांदी के आभूषण की डकैती के मामले में उसका नाम था। वर्ष 2017 में रणबयड़ा घाट सहित अन्य क्षेत्रों में हुई डकैती की घटनाओं में भी वह आरोपी रहा है।
पुलिस अब फरार आरोपी दिलीप और चोरी का माल बेचने वाले बताए गए अन्य व्यक्ति की तलाश कर रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय वास्कले, सउनि केरसिंह भुरिया सहित पुलिस टीम और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।