
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। नेशनल हाईवे-43 पर कोतमा के बुरहानपुर रोड में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में ट्रक ड्राइवर और उसके सहयोगी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब 2 से 3 बजे के बीच होना बताया जा रहा है।
ओडिशा से लकड़ी लोड कर एक ट्रक अनूपपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोतमा के बुरहानपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी लोड ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार ड्राइवर तथा उसके सहयोगी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
देर रात हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोनों के शवों के संबंध में वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही उनकी पहचान एवं अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, ट्रक चालक को खड़ा वाहन दिखाई क्यों नहीं दिया और हादसे के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं थी, इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वालों में आयशर ट्रक के ड्राइवर मोहम्मद शाहिद और उसके सहयोगी की पहचान मोहम्मद सुल्तान के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई गई है और वे उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पलवाड़ा गांव के निवासी थे।
कोतमा थाना प्रभारी रत्नाकर शुक्ला के अनुसार, सड़क किनारे खड़ा बल्कर (कैप्सूल वाहन) डीजल खत्म होने के कारण रुका हुआ था। इसका चालक शुक्कू कोल, निवासी नौरोजाबाद, जिला उमरिया है। दोनों वाहन अनूपपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के महेंद्रगढ़ की ओर से लकड़ी लोड करके आ रहा आयशर ट्रक सड़क किनारे खड़े बल्कर से पीछे से जा टकराया।
थाना प्रभारी के मुताबिक, संभवतः आयशर ट्रक के ड्राइवर को सड़क किनारे खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण यह भीषण टक्कर हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर व उसका सहयोगी केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गए।
काफी मशक्कत के बाद एक शव को बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे शव को निकालने के लिए कटिंग मशीन और कटर मास्टर की मदद बुलानी पड़ी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर खराब या ईंधन खत्म होने के कारण सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।