
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके दूसरे चरण में 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 25 फरवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। जनगणना की संदर्भ तिथि एक मार्च 2027 निर्धारित की गई है।
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सभी कलेक्टरों को जनगणना का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरी गंभीरता और सटीकता के साथ कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन में कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं, नीति निर्धारण और संसाधनों के नियोजन का आधार बनते हैं। इसलिए कलेक्टर स्वयं फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में शामिल हों और संभागायुक्त नियमित मॉनिटरिंग करें।
जनगणना संचालक संजय सुखलानी ने बताया कि मध्य प्रदेश में मकान सूचीकरण का प्रथम चरण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी। इसके लिए पांच नेशनल ट्रेनर्स, 134 मास्टर ट्रेनर्स और करीब तीन हजार फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस बार जनगणना का कार्य मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल तरीके से होगा। पर्यवेक्षक प्रत्येक प्रगणक के कार्य का 20 प्रतिशत सत्यापन करेंगे। निगरानी के लिए जनगणना प्रबंधन एवं मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के एल्गिन अस्पताल में प्रसूताओं को राहत, पंजीयन के लिए खुलेंगे दो नए काउंटर