
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। जिले के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खमरोध के टिकाई टोला में घरेलू विवाद के चलते एक पति द्वारा पत्नी की बांस के डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। पत्नी के बार-बार मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।
एसपी विक्रांत मुराब के अनुसार, मृतका की पहचान 23 वर्षीय चंदा देवी पति सुदामा अगरिया, निवासी टिकाई टोला के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी पति सुदामा अगरिया (26), पिता स्वर्गीय मनभोर अगरिया है। दोनों ने करीब पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था।
दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग ढाई वर्ष और डेढ़ वर्ष बताई गई है। चंदा देवी के बार-बार बिना बताए मायके चले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। कई बार समझाइश देकर दोनों के बीच विवाद शांत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद उनके बीच तनाव बना हुआ था।
बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच सुदामा नशे की हालत में घर पहुंचा। इस दौरान पत्नी के बार-बार मायके जाने की बात को लेकर उसने चंदा को समझाने का प्रयास किया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। बहू और बेटे को झगड़ता देख सुदामा की मां दोनों छोटे बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गईं और किसी अन्य के घर पहुंच गईं।
इसी दौरान विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में आकर सुदामा ने बांस के डंडे से चंदा के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सुदामा पत्नी को घसीटकर कमरे के अंदर ले गया और नशे की हालत में उसी के साथ् सो गया।
गुरुवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो पत्नी का सिर खून से लथपथ था और कमरे के आसपास खून बिखरा हुआ था। इसके बाद उसने खून के निशान छिपाने के लिए गोबर से पुताई कर दी, लेकिन खून के धब्बे पूरी तरह नहीं छिप सके।
इसी बीच आरोपी की मां दोनों बच्चों को लेकर घर लौटी। घर में गोबर से पुताई और कमरे में बहू को मृत अवस्था में देखकर वह रोने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एल्गिन हाॅस्पिटल के डाॅक्टर का दो लाख का फोन छीना, बात करते जा रहे थे सैर पर