
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई में ठेका श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्युतीय कार्य के दौरान शाॅर्ट सर्किट से हुए हादसे में दो ठेका श्रमिक मोहम्मद आरिफ और रामदास कोल के चेहरे और हाथ बुरी तरह झुलस गए।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मोहम्मद आरिफ को एक निजी अस्पताल शहडोल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि गंभीर स्थिति को देखते हुए रामदास कोल को बेहतर इलाज के लिए भिलाई रेफर किया गया है।
घटना में दोनों श्रमिकों के हाथों पर जलने के गंभीर निशान हैं। इससे कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यदि सुरक्षा उपकरण दिए गए थे तो हादसे में श्रमिकों के हाथ इतनी बुरी तरह कैसे झुलस गए?
मोहम्मद आरिफ पिता सैफुद्दीन निवासी धनपुरी 36 वर्ष ठेकेदार विनोद पांडेय के अधीन आईएंडसी कार्य से जुड़े थे, जबकि रामदास पिता रामलाल कोल 40 वर्ष निवास ए चचाई बस्ती ग्राम पंचायत मेडिया रास है।
दोनों ईएसपी का काम मंडल कर्मचारी योगेश की देखरेख में कर रहे थे। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि काम शुरू कराने से पहले सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया था या नहीं और इसकी जिम्मेदारी किसकी थी।
अक्टूबर माह में भी धनंजय यादव नवीन पावर प्लांट स्थल पर महा रेल कंपनी का ठेका मजदूर भी झुलस कर घायल हो चुका है। लगातार ऐसे मामले पावर संयंत्र परियोजना पर क्षेत्र में होते जा रहे हैं।
मामले में परियोजना प्रबंधन और सुरक्षा विभाग की लचर कार्य शैली उजागर हुई है। कार्यस्थल पर सेफ्टी सुपरवाइजर की मौजूदगी, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति बंद करने और लाकआउट-टैगआउट प्रक्रिया के पालन की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कोदो की रोटी बनी आफत: परिवार के 7 सदस्य बीमार, जानिए ऐसे बनता है विषाक्त