
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जिले के सिहोरा के पास मोहसाम गांव में कोदो के आटे की रोटी खाने से एक ही परिवार के छह से सात सदस्यों के बीमार होने का मामला सामने आया है।
सिकंदर भाईजान के परिवार ने भोजन में कोदो के आटे की रोटियां खाईं। इसके करीब एक से डेढ़ घंटे बाद परिवार के सदस्यों को उल्टियां, तेज सिरदर्द, बेहोशी और शरीर में झटके आने की शिकायत होने लगी।
हालत बिगड़ने पर उन्हें एंबुलेंस से सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर मरीजों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
ग्राम सरपंच मुकेश लोधी के अनुसार, परिवार ने चूल्हे पर कोदो के आटे की रोटियां बनाई थीं। आशंका है कि इस्तेमाल किया गया अनाज दूषित या विषाक्त हो सकता है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कोदो सामान्य रूप से खाने योग्य अनाज है, लेकिन अनुचित तरीके से सुखाने या भंडारण करने पर इसमें फफूंद पनप सकती है। कुछ फफूंद विषैले पदार्थ यानी माइकोटॉक्सिन बनाती हैं।
कोदो से जुड़ी विषाक्तता के मामलों में साइक्लोपियाजोनिक एसिड (सीपीए) को संभावित कारण माना गया है। यह तंत्रिका तंत्र और अन्य अंगों को प्रभावित कर सकता है।
कोदो की कटाई के बाद दानों को अच्छी तरह धूप में सुखाना और पूरी तरह सूखने पर ही साफ, सूखी जगह पर रखना जरूरी है। सीलन वाले स्थानों और नम बोरियों में अनाज रखने से बचना चाहिए।
बाजार से कोदो या उसका आटा खरीदते समय विश्वसनीय स्रोत चुनें। यदि खाने के बाद उल्टी, बेहोशी या झटके जैसे लक्षण दिखें तो घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शोध के लिए मंगाई गईं करोड़ों की रिसर्च मशीनें, दो साल से भौतिक सत्यापन तक नहीं हुआ