
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। मंगलवार को किरनापुर में गर्भवती महिला की पिटाई के विरोध में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान किरनापुर थाना में तोड़फोड़ तथा पुलिसकर्मियों पर पथराव करने वाले 24 उपद्रवियों को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है।
गुरुवार को उन्हें जिला सत्र न्यायालय में पेश किया गया। इनमें 17 आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। सात आरोपितों को पुलिस रिमांड में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पड़ताल में प्राप्त वीडियो के आधार पर अभी 24 आरोपित की पहचान की गई है, जो उस उपद्रव में शामिल थे, लेकिन सोशल मीडिया व दूसरे प्लेटफार्मों पर वायरल वीडियो से अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
हिंसक उपद्रव में 200 से अधिक आरोपितों की गिरफ्तारी की संभावना है, जो अलग-अलग चरणों में होगी। गुरुवार को न्यायालय परिसर में किरनापुर उपद्रव मामले में आरोपितों को पेश करने के दौरान हलचल रही। आरोपितों के नाम पुलिस ने फिलहाल उजागर नहीं किए हैं।
24 आरोपितों को पुलिस के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय में पेश किया गया। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी ने आरोपितों के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बनाए रखा। इस दौरान सीएसपी मयंक तिवारी, किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी, रूपझर थाना प्रभारी कामेश धूमकेती सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आरोपितों को बारी-बारी से चार-चार की संख्या में पुलिस ने न्यायालय में पेश किया।
पिछले महीने क्षेत्र में हुई एक चोरी के शक में दो सितंबर को पुलिस ने कैलाश चौधरी और उनकी दो माह की गर्भवती पत्नी सावित्री चौधरी को घर से उठा लिया। कैलाश ने आरोप लगाया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने पत्नी सावित्री की निर्वस्त्र कर बेरहमी से पिटाई की।
एसपी ने तत्काल चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया और एसआइटी गठित की, लेकिन समाज ने निष्पक्ष जांच न होने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर 15 सितंबर को किरनापुर में विरोध प्रदर्शन किया था। मरार माली समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपा था।
कई लोग थाने की बिल्डिंग पर चढ़ गए। परिसर में रखे गमले व अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त कर दी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और हल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। पथराव में एसडीओपी सहित 17 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। चर्चा है कि भीड़ जुटाने के लिए उपद्रवियों को शराब बांटी गई थी। प्रदर्शन की आड़ में हिंसक उपद्रव राजनीतिक साजिश का हिस्सा था।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने कहा - जबलपुर में मास्टर प्लान लागू करेंगे या सिर्फ तारीख पर तारीख मांगते रहेंगे