करंट से बाघ की मौत पर कार्रवाई, डिप्टी रेंजर और बीटगार्ड निलंबित
पूर्व बैहर सामान्य वन परिक्षेत्र की खुरमुंडी बीट में गुरार नाले के पास 12 वर्षीय नर बाघ का शिकार करंट लगाकर किया गया था। मामले में सीसीएफ के निर्देश पर डीएफओ ने कार्रवाई की है।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 07:12:16 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 07:12:16 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- पूर्व बैहर सामान्य की खुरमुंडी बीट में गुरार नाले के पास करंट से मृत मिला था बाघ
- लापरवाही बरतने वाले वन परिक्षेत्र सहायक नरेंद्र और खुरमुंडी बीटगार्ड लीला निलंबित
- वन्यजीवों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट के पूर्व बैहर सामान्य वन परिक्षेत्र की खुरमुंडी बीट के कक्ष क्रमांक 1582 में गुरार नाले के पास 12 वर्षीय नर बाघ का शिकार करंट लगाकर किया गया था। मामले में सीसीएफ गौरव चौधरी के निर्देशन में डीएफओ रेशमसिंह धुर्वे ने गुरुवार को लापरवाही बरतने वाले वन परिक्षेत्र सहायक नरेंद्र मर्सकोले और खुरमुंडी बीटगार्ड लीला भारती को निलंबित कर दिया।
वन परिक्षेत्र सहायक व बीटगार्ड को निलंबन अवधि में वन परिक्षेत्र बिरसा दमोह अटैच किया गया है। सात नवंबर शनिवार को गश्त के दौरान बीटगार्ड ने जंगल में बाघ का शव देखा था।
डॉग स्क्वॉड बुलाकर तलाशी कराई
वन विभाग ने बालाघाट से डॉग स्क्वॉड बुलाकर तलाशी कराई। डॉग स्क्वॉड दो लोगों के घरों तक पहुंचा। इसमें अभी तक एक आरोपित को हिरासत में लेकर जेल भेजने की कार्रवाई की गई। घटनास्थल से जीआई तार और खूंटियां बरामद हुई थीं।
शिकारियों ने जंगली सूअर मारने के लिए करंट बिछाया था
बता दें कि जिले में 15 अक्टूबर से नौ नवंबर तक एक बाघ, पांच बायसन, तीन तेंदुए, एक भालू और एक सियार की मौत हुई है। खुरमुंडी के जंगल में पर्याप्त गश्त नहीं होने के कारण शिकारियों ने जंगली सूअर मारने के लिए करंट बिछाया था। इसकी चपेट में आने से बाघ की मौत हो गई।
वन्यजीवों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ाई
वन्यजीवों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले के जंगलों की सीमा पूर्व में छत्तीसगढ़, पश्चिम में पेंच-सिवनी और महाराष्ट्र, उत्तर में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान तथा दक्षिण में नवेगांव-नागझीरा अभयारण्य से लगी है। यहां बाघ, तेंदुए, बायसन और भालू समेत कई वन्यजीव पाए जाते हैं।
गर्मियों में वन्यजीव यहां विचरण के लिए आते हैं। वर्षाकाल में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद वे वापस नहीं जा पाते, जिससे जिले के जंगलों में उनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। वन्यजीवों की मौतों के बाद विभाग ने वनकर्मियों को दिन-रात गश्त पर लगाया है।
खुरमुंडी के बीट में गुरार नाले के पास शिकारियों ने करंट लगाकर नर बाघ का शिकार किया था। मामले में डिप्टी रेंजर और बीटगार्ड की लापरवाही पाए जाने पर निलंबित किया गया है। फिलहाल में दोनों को वन परिक्षेत्र बिरसा दमोह कार्यालय अटैच कर दिए है।
-रेशमसिंह धुर्वे, डीएफओ, उत्तर सामान्य वन मंडल बालाघाट।