शहडोल में बाघ के हमले से तेंदुए की मौत की आशंका, उत्तर वन मंडल में मिला शव
मृत तेंदुए के शरीर में चोट के ऐसे निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि बाघ से सामना हुआ है और बाघ के हमले से मौत हो गई है।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 07:31:28 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 07:32:31 PM (IST)
आपसी द्वंद्व में तेंदुए की हुई मौत, नईदुनियाHighLights
- बाघ और तेंदुए की आपसी लड़ाई
- आपसी द्वंद्व में तेंदुए की हुई मौत
- शरीर पर मिले चोट के निशान
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के उत्तर वन मंडल परिक्षेत्र में शुक्रवार की देर सायं एक वयस्क मादा तेंदुए का शव मिला है। जानकारी लगते ही वन विभाग की टीम वहां पहुंची और प्रारंभिक जांच में पाया गया कि तेंदुए की मौत आपसी द्वंद्व में हुई है।
मृत तेंदुए के शरीर में चोट के ऐसे निशान मिले हैं, जिससे प्रतीत होता है कि बाघ से सामना हुआ है और बाघ के हमले से मौत हो गई है। वन विभाग के अनुसार वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर के वृत्त बिजहा क्षेत्र के कक्ष क्रमांक 333 स्थिति राजस्व क्षेत्र में घटना हुई है।
शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष चिकित्सकों ने शव परीक्षण किया है और तेंदुए का दाह संस्कार भी करा दिया गया है।
दोनों के बीच हुआ टकराव
वन वृत्त शहडोल के मुख्य वन संरक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वयस्क मादा तेंदुए की मौत हुई और प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि बाघ से आपसी द्वंद्व के कारण दोनों के बीच टकराव हुआ है और उसी हमले में घायल होने से मादा तेंदुए की जान गई होगी।
आगे की जांच चल रही है। शव परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी कि मौत कैसे हुई है।