
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। गुरुवार शाम बालाघाट के नवागत कलेक्टर आदित्य सिंह ने 148वें जिलाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर किया। प्रशासनिक औपचारिकता के बाद उन्होंने विभाग प्रमुख और अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर का फोकस मौजूदा वनांचल क्षेत्र में फैली महामारी पर रहा।
स्वास्थ्य अधिकारियों से उन्होंने बिरसा और बैहर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, प्रभावित गांवों की वर्तमान स्थिति, बच्चों की स्क्रीनिंग, मलेरिया नियंत्रण, टीकाकरण, दवाओं की उपलब्धता के बारे जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित 57 गांवों में लगातार स्वास्थ्य टीम सर्वे कर बच्चों की स्क्रीनिंग कर रही है। इसके अलावा कलेक्टर ने कृषि विभाग, राजस्व, महिला बाल विकास विभागों की स्थिति और कार्यों की यथास्थिति समझी।
कलेक्टर आदित्य सिंह ने कहा कि प्रशासन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अधिक से अधिक फील्ड विजिट करने, समस्याओं का मौके पर जाकर निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने कहा।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। बालाघाट को विकास और सुशासन के हर पैमाने पर प्रदेश के अग्रणी जिलों में बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के नवागत कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने बताई भविष्य की योजनाएं, प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के संकेत