
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। लांजी से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे का महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के पैसों से अंडा, मुर्गा और मछली खाने की सलाह देने वाला वीडियो मंगलवार को बहुप्रसारित हुआ।
बुधवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने फेसबुक पर उनका वीडियो साझा कर लिखा कि योजना का आधा पैसा हर महीने हड़पने के बाद भी भाजपा नेताओं की अकड़ और अहंकार देखिए। इस ठसक को ठिकाने लगाना जरूरी है।
इधर, ‘नईदुनिया’ से बातचीत में विधायक कर्राहे ने कहा कि आदिवासी समाज के बीच जाने पर वह पूछते हैं कि लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने साधारण रूप से अंडा और मुर्गा खाने की सलाह दी थी। ग्रामीणों को शराब न पीने की सलाह भी दी थी, लेकिन वह वीडियो में रिकाॅर्ड नहीं हुई।
बच्चों की पढ़ाई, दैनिक व घरेलू जरूरतों और छोटी बचत में मदद बन चुकी लाडली बहना योजना की 1500 रुपये की राशि से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे महिलाओं को खूब अंडा, मुर्गा और मछली खाने की सलाह दी थी।
सोशल मीडिया पर लांजी विधायक कर्राहे का महिलाओं से ये संवाद जमकर वायरल हो रहा है। (नईदुनिया इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है)। वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है।
विधायक कार में बैठीं कुछ ग्रामीण महिलाओं से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने पूछा कि लाड़ली बहना का पैसा मिलता है कि नहीं? जवाब मिला- हां, मिलता है।
इस पर कर्राहे ने कहा- हां, तो खूब अंडा खाओ, खूब मछली खाओ, खूब मुर्गा खाओ... बच्चों को भी खिलाओ, लेकिन वोट कमल को ही देना। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
कोई इसे वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा बता रहा है, तो कोई विधायक को ऐसी सलाह देने के बजाय 1500 रुपये बच्चों की पढ़ाई, बचत या अन्य दैनिक उपयोग में खर्च करने की नसीहत देने को बात कर रहा है। वायरल वीडियो पर विधायक की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शाकाहारी जैन परिवार को पनीर चिली की जगह परोसी चिकन चिली, जमकर हंगामा; वीडियो वायरल