
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित एक होटल में शाकाहारी भोजन के ऑर्डर पर मांसाहारी व्यंजन परोसने का मामला सामने आया है। नागरथ चौक स्थित होटल नंबर-7 (नंबर 7- द एशियन स्टोरी) में एक जैन परिवार को पनीर चिली की जगह चिकन चिली परोस दी गई। घटना के बाद परिवार ने होटल प्रबंधन के सामने कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान हुई बहस और प्लेट में रखे चिकन के टुकड़ों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम की है। जबलपुर निवासी आनंद भामोत्रा अपने परिवार के साथ डिनर करने के लिए नागरथ चौक स्थित होटल पहुंचे थे। परिवार पूरी तरह शाकाहारी है। उन्होंने होटल के कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से पनीर चिली का ऑर्डर दिया था। इसके बावजूद वेटर ने टेबल पर पनीर चिली के स्थान पर चिकन चिली परोस दी। परिवार के सदस्यों ने शुरुआत में इसे पनीर की डिश समझकर खाना शुरू कर दिया।
हालांकि, व्यंजन का स्वाद और बनावट सामान्य से अलग महसूस होने पर उन्होंने ध्यान से देखा। इसके बाद पता चला कि प्लेट में परोसी गई डिश पनीर नहीं, बल्कि चिकन चिली थी। यह जानकारी सामने आते ही परिवार के सदस्य नाराज हो गए और उन्होंने होटल स्टाफ के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
परिवार का आरोप है कि इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि जैन परिवार होने के कारण वे खानपान में विशेष सावधानी बरतते हैं। ऐसे में शाकाहारी भोजन के नाम पर मांसाहारी व्यंजन परोसना गंभीर लापरवाही है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद होटल की कार्यप्रणाली और भोजन परोसने में बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।