Balaghat News : पुतले काे पहनाई टमाटर की माला, चौक पर जलाया चूल्हा, दाम पहुंचे 180 रुपये किलो पर
Balaghat News :जिला महिला कांग्रेस ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर आक्रोश प्रकट किया। ...और पढ़ें
By Hemant Kumar UpadhyayEdited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Sun, 02 Jul 2023 05:33:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 02 Jul 2023 05:33:17 PM (IST)

Balaghat News : बालाघाट। नईदुनिया प्रतिनिधि। रविवार को बालाघाट में टमाटर 180 रुपये प्रति किलो बिककर दोहरे शतक के करीब आ गया है। दूसरी सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं। बढ़ती महंगाई की मार से जनता त्रस्त है।
रविवार को जिला महिला कांग्रेस ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर आक्रोश प्रकट किया। पहले कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने एक पुतले को साड़ी व टमाटर की माला पहनाई और बाजे-गाजे के साथ हनुमान चौक पहुंचे।
इस दौरान महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कांग्रेसियों ने हनुमान चौक पर बैठकर चूल्हा जलाया और गैस सिलेंडर को फूलों की माला पहनाई।
जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना लिल्हारे ने बताया कि गृहणियों को मजबूरन सड़कों पर आना पड़ रहा है। आज टमाटर इतना महंगा हो गया है कि हर वर्ग के लिए एक पाव टमाटर खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। इस मौके पर युवा कांग्रेस नेता अनुराग चतुरमोहता, कांग्रेस शहर अध्यक्ष श्याम पंजवानी सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम 1200 रुपये कर दिए गए हैं। विधायक गौरीशंकर बिसेन ने घर-घर लोगों को आम बांटे। आज घर-घर टमाटर बांटकर दिखाएं।
इस संबंध में भाजपा जिला महामंत्री मौसम हरिनखेड़े ने कहा कि चुनाव जब नजदीक आता है तब कांग्रेस को महंगाई का मुद्दा दिखता है। ये चुनावी जुमले हैं। कांग्रेस के पास कुछ बचा नहीं है इसलिए बिना आधार वह आगे बढ़ती है।