
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बालाघाट जिले में वन्यजीव शिकार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वन विकास निगम लामता परियोजना मंडल बालाघाट के उकवा परिक्षेत्र में करंट लगाकर पांच वर्षीय नर तेंदुए का शिकार कर दिया गया। इस परियोजना परिक्षेत्र में 21 दिन के भीतर दूसरे तेंदुए के शिकार की घटना ने वन विभाग की लापरवाही को उजागर किया है। वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
घटना परियोजना परिक्षेत्र उकवा अंतर्गत बीट दक्षिण बरिया के वनग्राम नाटा की सीमा से लगे राजस्व क्षेत्र में नाटा नाले के किनारे की है। शुक्रवार शाम एक युवक खेत की ओर जा रहा था, तभी उसकी नजर नाले किनारे पड़े तेंदुए के शव पर पड़ी। उसने तत्काल अपने पिता को बताया, जिन्होंने वन विकास निगम के अमले को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पाया कि शव 4-5 दिन पुराना है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपितों ने जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खेत में अवैध रूप से विद्युत तार बिछा रखे थे। इसी करंट की चपेट में आकर तेंदुए की मौत हो गई। सूचना पर शनिवार को जबलपुर से डाग स्क्वाड को बुलाया गया। सर्चिंग के दौरान मिले सुरागों के आधार पर नाटा ग्राम के ही सात लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
यह भी पढ़ें- अब भोपाल के अलावा इंदौर, ग्वालियर व जबलपुर में भी लगेगा वेदर रडार, रिसर्च में छात्रों को भी मिलेगा लाभ
वन्य प्राणी चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद वन अधिकारियों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। मामले में जबलपुर क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शुक्ला, सीसीएफ गौरव चौधरी, संभागीय प्रबंधक सुंदर निवेदन एम., एसडीओ तरुण डहरिया, परिक्षेत्र अधिकारी अजय कामड़े सहित वन अमला मौजूद रहा।
नाटा के नाले किनारे नर तेंदुए का विद्युत करंट से शिकार किया गया था। डाग स्क्वाड की मदद से सात आरोपितों को पकड़ा गया है, पूछताछ जारी है। सुंदर निवेदन एम., संभागीय प्रबंधक, वन विकास निगम, लामता परियोजना मंडल बालाघाट