'अटल वनस्पति मार्ग' से जाना जाएगा डेंजर रोड, बालाघाट में भूमिपूजन के बाद बोले PWD मंत्री राकेश सिंह
रविवार को लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने बालाघाट में गर्रा-नवेगांव रोड (डेंजर रोड) के मजबूतीकरण कार्य का भूमिपूजन किया।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 04:18:00 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 04:18:00 PM (IST)
गर्रा-नवेगांव रोड (डेंजर रोड) का भूमिपूजन, नईदुनियाHighLights
- गर्रा-नवेगांव रोड (डेंजर रोड) का भूमिपूजन
- मंत्री ने ‘डेंजर रोड’ के बहाने कांग्रेस को घेरा
- देश में समय की आवश्यकता है परिसीमन
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। रविवार को लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने बालाघाट में गर्रा-नवेगांव रोड (डेंजर रोड) के मजबूतीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। इससे पहले उन्होंने जिला भाजपा कार्यालय परिसर में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं का अनावरण किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में कांग्रेस द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े बिलों का विरोध करने के सवाल पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा- ‘कांग्रेस ने हमेशा देश को लाभ पहुंचाने वाले मुद्दों का विरोध किया है। परिसीमन समय की आवश्यकता है। 20 साल मैं भी लोकसभा में रहा हूं।
महिलाओं को आरक्षण भाजपा ने देना शुरू किया
जिस भवन में जब सारे सांसद बैठते थे, तो जगह नहीं होती थी। समय के साथ परिवर्तन आया। नया और व्यवस्थित भवन मिला। भाजपा, शुरू से महिला आरक्षण की बात कहती आ रही है। न सिर्फ बात की, बल्कि महिलाओं को आरक्षण भी भाजपा ने ही देना शुरू किया है।
भाजपा चाहती है कि देश में महिला आरक्षण बिल पास हो, ताकि महिलाओं को अधिक से अधिक अधिकार मिले। भारत, विश्वगुरु के पद पर तब ही आसीन होगा, जब प्रत्येक राज्य के प्रत्येक जिले व क्षेत्र का विकास होगा, उसी धारणा को लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है।
मंत्री ने ‘डेंजर रोड’ के बहाने कांग्रेस को घेरा
मंत्री राकेश सिंह रविवार को बालाघाट की जिस रोड के मजबूतीकरण कार्य का भूमिपूजन करने पहुंचे थे, उसे ‘डेंजर रोड’ के नाम जाना जाता है। मंत्री ने कहा- जब मैंने ये नाम सुना, तो अजीब लगा। ‘डेंजर रोड’ नाम चुभता है। मंत्री ने मंच से ही लोगों से डेंजर रोड का नाम बदलने की सहमति मांगी।
उन्होंने इस रोड को ‘अटल वनस्पित मार्ग’ नाम दिया और नपाध्यक्ष भारती ठाकुर को नाम तय करने कहा। कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए राकेश सिंह ने कहा- कार्यक्रम में आए कई युवाओं को पता नहीं होगा कि मध्य प्रदेश में एक जमाना था, जब हर रोड ‘डेंजर रोड’ हुआ करती थी।
गड्ढों में से सड़कें ढूंढनी पड़ती थी। चारों तरफ अंधेरा होता था। विकास के नाम पर सिर्फ वादे होते थे। युवाओं को नहीं पता कि मप्र किस दौर से गुजरा है। मंत्री राकेश सिंह ने रविवार को 150 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।