
नईदुनिया डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा / बालाघाट। राज्य में भ्रष्टाचार के मामलों पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने लोक निर्माण विभाग भवन के प्रभारी कार्यपालन यंत्री केके सिंगारे के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है।

छिंदवाड़ा नगर की खान कॉलोनी स्थित आवास और बालाघाट स्थित घर पर सुबह-सुबह हुई इस छापामार कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

गुरुवार सुबह लगभग 5:45 बजे ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने बालाघाट और छिंदवाड़ा स्थित आवासों पर एक साथ छापामार कार्रवाई शुरू की। यह पूरी कार्रवाई डीएसपी मंजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की जा रही है।

आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार की मिल रही लगातार शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। ईओडब्ल्यू की टीम दोनों ठिकानों पर अंदर मौजूद रहकर घर के दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों के कागजात और अन्य संदेहास्पद सामग्री की बारीकी से जांच कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक टीम द्वारा आधिकारिक रूप से जब्ती या खुलासे को लेकर विस्तृत विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में भारी खलबली मची हुई है।
यह भी पढ़ें- तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म-हत्या के दोषी की फांसी टली, हाईकोर्ट ने उम्र कैद में बदली सजा