
नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। कहा जाता है कि सुख-दुख में सबसे पहले साथ खड़ा होने वाला पड़ोसी ही होता है, लेकिन भरवेली में पड़ोसी ने ही पड़ोसी के साथ विश्वासघात करते हुए मुआवजे में मिले 30 लाख में से 17 लाख रुपये हड़प लिए।
भरवेली के पावर हाउस कालोनी निवासी संतलाल बंजारे के निधन के बाद भरवेली मायल प्रबंधन से उनकी पत्नी भानवंती को मुआवजे के 30 लाख रुपये मिले थे, लेकिन पड़ोस में रहने वाली अंजू उर्फ अल्का भोयर और उसके भांजे नैनसु पिता नवीन रावते ने षडयंत्रपूर्वक करीब 17 लाख की राशि पीड़िता के बैंक खाते से पार कर ली।
इन पैसों से उन्होंने कार (अर्टिगा), सोने के आभूषण खरीदे। जो पैसे विधवा महिला का सहारा बनने वाले थे, उन पैसों से आरोपी अय्याशी और शौक पूरा कर रहे थे। पीड़िता की शिकायत पर भरवेली पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की, तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं।
पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देशन और भरवेली थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपिता अल्का भोयर और उसके भांजे नैनसु रावते को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14 लाख का सामान जब्त कर लिया है।
भरवेली थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंद्रो ने बताया कि पीड़िता भानवंती के पति संतलाल भरवेली मायल में कर्मचारी था। उनकी मृत्यु के बाद मायल प्रबंधन ने भानवंती के सामने अनुकंपा नियुक्ति और मुआवजा राशि लेने के दो विकल्प रखे थे। भानवंती ने मुआवजा राशि लेने की इच्छा रखी।
पति का साथ छूटने के कारण भानवंती को पैसों की जरूरत पड़ी। उन्होंने पड़ोसी अल्का पति हीरालाल भोयर (33) से एक लाख रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में अल्का ने भानवंती से बैंक पासबुक, हस्ताक्षर किए दो ब्लैंक चेक, पेन और आधार कार्ड रख लिया।
इस खुलासे में निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंद्रो, एएसआइ कविता मुर्खे, प्रआर झनकलाल नागेश्वर, राहुल गौतम, नितेश श्रीनाग, आर. गोविंद सिंह, विजेंद्र उइके, निलेश ठाकुर, साइबर सेल से आर. तिलक अड़मे और दीपक कावरे की अहम भूमिका रही।
आरोपी मामी-भांजा ये जानते थे कि भानवंती के बैंक खाते में बड़ी रकम आने वाली है। भानवंती बैंकिंग कार्य से अनभिज्ञ है, इसका फायदा उठाते हुए नैनसु ने भानवंती को झांसा देकर एक दिन बैंक लाया और धोखे से एटीएम कार्ड का फाॅर्म भरवा लिया।
जब भानवंती के नाम से डाकघर में एटीएम कार्ड पहुंचा, तो नैनसु ने खुद को भानवंती का करीबी रिश्तेदार बताकर एटीएम कार्ड रख लिया। नैनसु ने एटीएम का पिन जनरेट कर वित्तीय लेनदेन की प्रक्रिया अपने नियंत्रण में ले ली। दोनों आरोपित 9 से 19 अक्टूबर तक भानवंती के बैंक खाते में आई 30 लाख रुपये की राशि से अपने शौक पूरी करते गए।
निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपितों ने 8.45 लाख का चेक देकर बालाघाट से सेकंडहैंड अर्टिगा कार (एमपी 07 सीएच 1438) खरीदी थी, जिससे वह घूम-फिर रहे थे। उन्होंने लगभग 4.5 लाख रुपये के जेवर भी खरीदे। एटीएम का उपयोग करते हुए उन्होंने भानवंती के खाते से करीब ढाई लाख रुपये अलग-अलग समय पर निकाले और शौक पूरे किए।
तकनीकी मदद और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने दोनों काे छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ से गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से 39,500 रुपये नगद बरामद हुए हैं। एक नग सोने का मंगलसूत्र का लॉकेट, दस नग मंगलसूत्र के सोने के बड़े मनी, छह नग ब्रेसलेट के सोने के मनी, एक सोने की अंगूठी सहित कुल 14 लाख रुपये का माल जब्त किया है। नैनसु से रिमांड में पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी अल्का कुछ दिन पहले ही जेल जा चुकी है।
यह भी पढ़ें- डिंडौरी का सरकारी धान बिना मिलिंग महाराष्ट्र में बेचा, मंडी में जबलपुर टीम का छापा