
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले की सरकारी धान बिना मिलिंग किए महाराष्ट्र में बेचने की ईओडब्ल्यू ने जांच शुरू कर दी है। जबलपुर से डीएसपी चरणजीत सिंह धामी की अगुवाई में शुक्रवार की सुबह टीम जिला मुख्यालय पहुंच गई।
सबसे पहले जिला नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय पहुंचकर वहां से दस्तावेज लिए गए हैं। टीम गोरखपुर मंडी रवाना हो गई है। यहां से टीम हर्रा राइस मिल और वेयरहाउस की जांच करने के साथ गणेशपुर मिल भी जाएगी।
गौरतलब है कि कलेक्टर के निर्देश में हुई जांच में भी बड़ा फर्जी वाला सामने आया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने संयुक्त कलेक्टर भारती मरावी की अगुवाई में टीम बनाई थी। इस टीम ने भी कई फर्जी किसान पकड़े हैं। मामला ईओडब्लू तक पहुंचाने के बाद यह और गंभीर हो गया है।
.jpeg)
कलेक्टर ने जांच कराई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि फर्जी किसानों के नाम पर हजारों क्विंटल धान की खरीदी दर्शा दी गई। इसमें 13 वर्ष के नाबालिग बालक सहित कई मजदूरों के नाम भी शामिल हैं। प जापान से लौटते ही कलेक्टर ने जांच रिपोर्ट तलब की थी। शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई के कयास लगाए जा रहे थे। इसी क्रम में जिला प्रशासन के साथ ईओडब्लू भी कड़ी कार्रवाई कर रही है।
मामला हर्रा स्थित राइस मिल और गोदाम का है। 27 अक्टूबर को वहां जिला प्रशासन ने छापामार कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच टीम गठित की थी। जांच टीम ने जब गहराई से पड़ताल की तो एक के बाद एक परतें खुलती चली गईं।

जांच टीम ने पकड़ा कि गोरखपुर मंडी से हजारों ट्रक धान महाराष्ट्र भेजने के लिए परिवहन अनुज्ञप्ति साठगांठ कर मनमाने तरीके से जारी हुई थी। इसी की जब जांच हुई तो मिलर ने जिन किसानों से धान खरीदी करना दर्शाया, वे किसान ही फर्जी सामने आए।
जांच में सामने आया कि मिलर ने कागजों में जिन किसानों से धान खरीदी दिखाई, उनमें 13 वर्ष का नाबालिग बालक भी शामिल है। इसके अलावा कई मजदूरों के नाम पर भी हजारों क्विंटल धान की खरीदी दर्शा दी गई थी। यानी कागजों में तो धान खरीदी हो गई, लेकिन हकीकत में वे किसान थे ही नहीं।इससे साफ है कि जिले की सरकारी धान को कागजों के खेल के जरिए इधर-उधर किया जा रहा था। लंबे समय से यह खेल चल रहा था, लेकिन अब तक किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
.jpeg)
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य तब सामने आया, जब संबंधित राइस मिल की बिजली खपत की जांच की गई। कागजों में जितनी मिलिंग दर्शाई गई थी, उसके हिसाब से बिजली की खपत ही नहीं हुई। यानी मिल चली ही नहीं, लेकिन कागजों में धान की मिलिंग हो गई।इससे यह शक और गहरा हो गया कि जिले की सरकारी धान बिना मिलिंग किए ही महाराष्ट्र के मुरमुरा फैक्ट्री में ऊंचे दाम पर बेच दी जाती है और जिले में घटिया चावल लाकर खपाया जा रहा है। यह खेल किसानों और उपभोक्ताओं दोनों के साथ धोखा है।

कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने इस मामले में सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने जांच रिपोर्ट मंगाई है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से भी इस मामले पर नजर रखी जा रही है।इस मामले में प्रशासन पर कार्रवाई न हो, इसके लिए दबाव बनाने के भी आरोप लग रहे हैं।
यह भी पढ़ें- नए आमंत्रण पर रोक की मांग, एजी ऑफिस में विधि अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल